आगरा की आवास विकास काॅलोनी में दुकानों की छत ढहीं, दो की मौत, कई घायल

मलबे में दबे दस लोगों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला,घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती
देर शाम तक राहत और बचाव कार्य जारी, मलबे में कुछ लोगों के दबे होने की आशंका
आगरा। आवास विकास काॅलोनी सेक्टर चार में एक मकान और चार दुकानों की छतें शनिवार अपरान्ह उस समय भरभराकर ढह गईं जब निर्माण कार्य चल रहा था। हादसे में करीब दर्जन भर लोगों के दबे होने की आशंका है। अभी तक दस लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया। इनमें से दो की उपचार के दौरान मौत हो गई। देर शाम तक पुलिस, दमकल और एसडीआर एफ की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। मलबे में अभी भी कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका है। पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।
जगदीशपुरा थाना क्षेत्र में आवास विकास सेक्टर चार में शनिवार पूर्वान्ह को निर्माणाधीन मकान और चार दुकानें भरभरा कर ढह गईं। तेज धमाके के साथ ढहीं मकान और दुकानों की आवाज सुनकर आस-पडोस के लोग दहशत में आकर घरों से बाहर निकल आए। दुकानों और मकान को मलबे में तब्दील देख लोग हैरत में पड गए। मलबे में फंसे लोग बचाने के लिए चीख-पुकार लगा रहे थे। बताया जा रहा है कि चार दुकानों का निर्माण कार्य चल रहा था। छत में गाडर-पत्थर का लेन्टर डाला जा रहा था। इसी दौरान अचानक दीवार और छत भरभराकर ढह गई।
देखते ही देखते बिल्डिंग मलवे में तब्दील हो गई। मकान के गिरते ही वहां लोगों की भीड़ लग गई। भीड मलवे में दबे लोगों को बचाने में जुट गई। सूचना पर शहर के कई थानों का पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। दमकल विभाग के साथ ही एसडीआरएफ की टीम भी पहुंच गई। जेसीबी से मलबा हटाना शुरू किया गया। मलबे से दस लोगों को बाहर निकाला गया। इनमें दो लोगों की मौत उपचार के दौरान हो गई। मृतक दोनों सगे भाई बताए जा रहे हैं। देर शाम तक मलबे में कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका के चलते राहत और बचाव कार्य जारी था। जिलाधिकारी अरविन्द मलप्पा बंगारी, एडीशनल पुलिस आयुक्त संजीव त्यागी, डीसीपी सिटी सोनम कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।
बगल में ठेके पर मौजूद थे कई लोग
आवास विकास सेक्टर-4 पुलिस चैकी के पास ढही दुकानों में पिछले वर्ष शराब का ठेका संचालित था। अब यह ठेका बिल्डिंग के बगल में है। बताया गया जिस वक्त दुकानें ढहीं उस समय शराब के ठेके पर कई लोग मौजूद थे।
केन्द्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घायलों के परिवारों को ढाढ़स बंधाया। उन्होंने कहाकि हादसे में हताहत हुए लोगों की पूरी मदद की जाएगी।