आगरा में कॉस्मेटिक फैक्ट्री-गोदाम आग में स्वाह, रह-रहकर फटते रहे स्पिरिट के ड्रम, घंटों जूझते रहे अग्निशमनकर्मी

0
1777637648730068-0

आगरा। न्यू आगरा थाना क्षेत्र के यमुना किनारे खासपुर स्थित एक कॉस्मेटिक फैक्ट्री और गोदाम में गुरुवार देर रात्रि भडकी आग में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर स्वाह हो गई। देर रात करीब दो बजे लगी आग से आसपास के निवासी दहशत में आ गए। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की दमकलों को छह घंटे से अधिक का समय लगा। आग से फैक्ट्री की बिल्डिंग भी बुरी तरह क्षतिग्रसत हो गई।
फायर स्टेशन संजय प्लेस के अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर ने बताया कि देर रात्रि दो बजे सूचना मिलते ही दमकलें मौके पर पहुंच आग बुझाने में जुट गईं। उन्होंने बताया कि आग खासपुर गांव के प्लॉट नंबर 238 पर स्थित कमलानगर निवासी गौरव गोयल की फ्रेंड्स कॉस्मेटिक्स फैक्ट्री और गोदाम में लगी। लगभग चार-पांच सौ गज में बनी फैक्ट्री व गोदाम में स्पिरिट के ड्रम और कॉस्मेटिक का सामान होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। इन ड्रमों में रह-रह कर विस्फोट होने से आग बुझाने में काफी समय लगा।
आग को बुझाने में फायर विभाग को बड़ी मात्रा में फोम का भी इस्तेमाल करना पड़ा। दो दमकलों, एक फोम की गाड़ी और एक वाटर ब्राउजर के इस्तेमाल से आग पर काबू पाया जा सका। उन्होंने बताया कि इस फैक्ट्री में अत्यधिक ज्वलनशील स्पिरिट का कार्य होने के बावजूद अग्निशमन उपाय नहीं थे और न ही कोई एनओसी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अन्य खबरे