आगरा मेट्रोः प्रथम कॉरिडोर के शेष एलिवेटेड भाग में रखा गया पहला यू गर्डर

अब तक 27 पियरकैप रखे जा चुके हैं सफलतापूर्वक
इस भाग में 124 पियरकैप का किया जाना है निर्माण
आगरा। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन द्वारा प्रथम कॉरिडोर के शेष एलिवेटेड भाग में तेज गति के साथ निर्माण कार्य किया जा रहा है। रविवार को यूपी मेट्रो ने इस भाग में पहले यू गर्डर का सफलतापूर्वक परिनिर्माण किया। इस दौरान आगरा मेट्रो के परियोजना निदेशक अरविंद कुमार राय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
यू गर्डर को 500 टन की दो क्रेनों की मदद से पियरकैप पर रखा जाता है। यह प्रक्रिया कुशल इरेक्शन इंजीनियरों की निगरानी में किया जाता है। इस पर सुरक्षा का विशेष ध्यान दिया जाता है। बता दें कि प्रथम कॉरिडोर के शेष एलिवेटेड भाग (आईएसबीटी से सिकंदरा) में कुल 654 पाइल, 150 पाइलकैप और 150 पियर का निर्माण किया जाना है। इसमें से अब तक 293 पाइल, 50 पाइलकैप और 37 पिलर का निर्माण किया जा चुका है। यूपी मेट्रो द्वारा इस भाग में कुल 124 पियरकैप का परिनिर्माण किया जाना है, जिसमें से अब तक 27 पियरकैप सफलतापूर्वक रखे जा चुके हैं। इस भाग के लिए अरतौनी स्थित कास्टिंग यार्ड में पियरकैप, यू गर्डर आदि की कास्टिंग की जा रही है।
ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा के बीच प्रथम कॉरिडोर में ताज ईस्ट गेट से मनःकामेश्वर मेट्रो स्टेशन तक सफलतापूर्वक मेट्रो का संचालन किया जा रहा है। वहीं इस कॉरिडोर के शेष भूमिगत भाग में निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। शेष चार भूमिगत स्टेशनों का सिविल निर्माण पहले ही पूरा किया जा चुका है। फिलहाल यहां फिनिशिंग और सिस्टम आदि का काम किया जा रहा है। इस भाग में टनल निर्माण कार्य भी अंतिम चरण में है।