एमपी के जबलपुर में तूफान में डगमगाया क्रूज डैम में डूबा, 6 शव मिले, 15 से ज्यादा लापता

0
710d1d1a-d721-4ffb-b76f-ceefd18d1871

राहत और बचाव दलों ने 18 लोगों को बचाया, अन्य की तलाश जारी

तूफान के चलते हुआ नर्मदा के बरगी डैम में हादसा, रेस्क्यू में जुटी टीमें

जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर में नर्मदा नदी पर बने बरगी डैम में गुरुवार शाम पर्यटकों से भरा क्रूज डूब गया। क्रूज में 29 लोग सवार थे। बरगी बांध में क्रूज डूबने की खबर लगते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी रेस्क्यू टीम के साथ मौके पर पहुंच चुके हैं और डैम में क्रूज पलटने से डूबे लोगों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, 6 शव बरामद किए गए हैं। 18 को सुरक्षित बचा लिया गया। 15 से ज्यादा अब भी लापता हैं।

एसडीआरएफ और पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू में जुटी है। मोटर बोट और स्पीड बोट से भी बचाव कार्य किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि शाम को बारिश के साथ चली तेज आंधी के बीच क्रूज बरगी बांध की लहरों के बीच फंस गया और डूब गया। मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार शाम को पर्यटकों से भरा क्रूज बरगी बांध में खमरिया टापू के पास तेज आंधी और तूफान के चलते उठी लहरों में संतुलन खो बैठा और डूब गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक क्रूज में 29 लोग सवार थे। 15 लोग तैरकर बाहर निकल आए हैं।

जबलपुर कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने बरगी बांध में एक क्रूज के पलटने से चार लोगों की मौत होने की पुष्टि की है। साथ ही ये भी बताया है कि 15 लोगों को बचा लिया गया है और 10 अन्य लोगों के लिए तलाशी अभियान जारी है। तलाशी और बचाव अभियान चल रहा है। इधर मंत्री राकेश सिंह भी हादसे की सूचना मिलते ही डुमना एयरपोर्ट से सीधे बरगी डैम के लिए रवाना हो गए हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही जबलपुर व आसपास के क्षेत्रों से कुछ ही देर में 10 एंबुलेंस बरगी डैम पर पहुंच गईं और रेस्क्यू कर बचाए गए लोगों व मृतकों के शवों को अस्पताल लेकर आईं।

जबलपुर से 35 किमी दूर है बरगी डैम

जबलपुर से करीब 35 किमी दूर नर्मदा नदी पर बरगी बांध बना हुआ है। 51 साल पहले बरगी बांध का निर्माण हुआ था। इसकी ऊंचाई 70 मीटर, लंबाई 5.4 किमी है। बरगी डैम मेें 21 गेट हैं और बिजली का भी उत्पादन होता है। यहां एमपी टूरिज्म का रिसोर्ट है और वाटर स्पोर्ट्स भी होते हैं। बता दें कि बरगी डैम नर्मदा नदी पर बने 30 बांधों में से सबसे अहम है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अन्य खबरे