आगरा पुलिस अवैध धर्मांतरण गिरोह के चार सदस्य और दबोचे
दिल्ली और राजस्थान में की गई छापामार कार्रवाई में पकडे गए
पकडे गए आरोपी संगठित गिरोह के रूप में कर रहे थे कार्य
आगरा। अवैध रूप से धर्मांतरण गिरोह पर शिकंजा कसते हुए आगरा पुलिस कमिश्नरेट की साइबर क्राइम थाना टीम ने मिशन अस्मिता के तहत चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दिल्ली और राजस्थान में एक साथ दी गई दबिश में चारों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से दबोचा गया। पुलिस ने सभी को न्यायालय में पेश किया है।

थाना सदर बाजार में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर गिरोह के सक्रिय सदस्यों की पहचान की गई। इसके बाद छह टीमों का गठन कर कार्रवाई को अंजाम दिया गया। इस दौरान दिल्ली निवासी तलमीज उर रहमान, परवेज अख्तर और जावेद कपूर उर्फ जतिन कपूर के अलावा राजस्थान के डीग निवासी हसन मोहम्मद को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पकडे गए आरोपी एक संगठित नेटवर्क के रूप में कार्य कर रहे थे और आपस में लगातार संपर्क में थे। पुलिस आयुक्त ने बताया कि इस मामले में पूर्व में 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इन चार और आरोपियों गिरफ्तारी के साथ पुलिस अब तक इस मामले में 18 लोगों को जेल भेज चुकी है। पुलिस आयुक्त ने बताया कि इस मामले में आगे भी जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
इस ऑपरेशन में तीन निरीक्षक, चार थानाध्यक्ष, 14 उपनिरीक्षक, तीन मुख्य आरक्षी, सात हेड कांस्टेबल और 18 कांस्टेबलों की टीम लगाई गई थी। पुलिस ने एक साथ कई स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को दबोचा।
