ग्रामीणों ने उखाडे मीटर, अकोला में कैसेी जलेगी बिजली!
आगरा में स्मार्ट मीटर बना गुस्से का मीटर
महिलाओं ने मीटर उखाड फेंके, लगाया ढेर
सिर पर मीटर रख महिलाएं बिजली आफिस
आगरा। अकोला कस्बे में शुक्रवार को ग्रामीणों ने अपने-अपने घरों से स्मार्ट मीटरों को तो उखाड फैंका। बडी संख्या में ग्रामीण महिलाएं-पुरुष भारतीय किसान यूनि यन टिकैत की अगुवाई में पैदल मार्च करते हुए मीटरों को लेकर बिजली महकमे के आफिस पहुंचे और स्मार्ट मीटरों को फैंककर अपने गुस्से का इजहार किया। ऐसे में अब सवाल यह कि अकोला के बाशिन्दे अब बिजली का उपयोग कैसे करेंगे। क्या बिना मीटर के अकोला रोशन होगा या फिर अंधेरे में कटेंगी रातें।
सरपट भागते स्मार्ट मीटर को लेकर गुस्सा अब सड़कों पर फूटने लगा। राहत की जगह परेशानी का सबब बने स्मार्ट मीटरों को ग्रामीणों ने लूट का मीटर करार देते हुए बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। शुक्रवार को सैकड़ों महिलाओं ने घरों में लगे स्मार्ट मीटरों को उखाड़ लिया और सिर पर रखकर गांव के बिजली ऑफिस पहुंचीं। जहां पर मीटर फेंक ढेर लगा दिया।
आगरा के अकोला कस्बे में शुक्रवार सुबह सैकड़ों ग्रामीणों ने अपने-अपने घरों पर लगे स्मार्ट मीटरों को उखाड़कर बिजली विभाग के खिलाफ विरोध जताया। इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर तेज भाग रहे हैं। बिजली बिलों में अनियमितता और अधिक वसूली की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं। बार-बार शिकायत के बावजूद विभाग द्वारा कोई समाधान नहीं किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
विरोध के दौरान महिलाएं भी बड़ी संख्या में शामिल रहीं। ग्रामीण स्मार्ट मीटरों को लेकर क्षेत्र के देवी मंदिर पर एकत्र हुए और वहां से पैदल मार्च करते हुए बिजली घर पहुंचे। जहां प्रदर्शनकारियों ने स्मार्ट मीटरों का ढेर लगा दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व भाकियू (टिकैत) जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया कर रहे थे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने स्मार्ट मीटरों की व्यवस्था को तत्काल रोके जाने और बिजली बिलों की अनियमितताओं की जांच कराए जाने की मांग की।
भाकियू नेता राजवीर लवानिया ने कहाकि राष्ट्रीय प्रवक्ता चैधरी राकेश टिकैत के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहाकि यूपी में कहीं भी स्मार्ट मीटर नहीं लगने दिए जाएंगे। अकोला ब्लॉक में किसानों और मजदूरों ने स्मार्ट मीटरों को उखाड़कर बिजली विभाग के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया है। राजवीर लवानिया ने चेतावनी दी कि अगर स्मार्ट मीटर हटाने को लेकर किसी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई या एफआईआर दर्ज की जाती है तो भारतीय किसान यूनियन चक्का जाम करेगा।



