आगरा मेट्रो के कॉरिडोर-2 पर निर्माण कार्य तेज, चार प्रमुख स्थानों पर बनेंगे स्टील स्पैन

0
ChatGPT Image Nov 12, 2026, 08_06_14 PM

रावली क्रॉसिंग पर 60 मीटर लंबे स्टील स्पैन में लगेंगे 26 हजार बोल्ट, एमजी रोड से यमुना नदी तक निर्माण को मिलेगी गति

आगरा। आगरा मेट्रो के दूसरे कॉरिडोर पर सिविल निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। 15.4 किलोमीटर लंबे आगरा कैंट से कालिंदी विहार कॉरिडोर में तकनीकी चुनौतियों को देखते हुए चार प्रमुख स्थानों पर पारंपरिक यू-गर्डर के स्थान पर विशेष स्टील स्पैन का निर्माण किया जाएगा। इनमें रावली क्रॉसिंग, सेंट जॉन्स क्रॉसिंग, भगवान टॉकीज और यमुना नदी का क्षेत्र शामिल है।

उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) के अनुसार, एलिवेटेड मेट्रो कॉरिडोर में सामान्यतः यू-गर्डर का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन रेलवे लाइन, व्यस्त चौराहों और नदी जैसे चुनौतीपूर्ण स्थानों पर अधिक दूरी को कवर करने तथा तकनीकी जरूरतों को पूरा करने के लिए स्टील स्पैन का उपयोग किया जा रहा है।

रावली पर 26 हजार बोल्ट से तैयार होगा स्पैन

रावली क्रॉसिंग पर 60 मीटर लंबे स्टील स्पैन की असेंबली का कार्य चल रहा है। इस विशाल संरचना को जोड़ने में करीब 26 हजार बोल्ट लगाए जाएंगे। इसकी खासियत यह है कि पारंपरिक निर्माण पद्धति से अलग इसे असेंबली स्थल से रेलवे लाइन के ऊपर रोल करके स्थापित किया जाएगा। इससे रेलवे लाइन के ऊपर निर्माण कार्य को तकनीकी रूप से सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

एमजी रोड पर 60 मीटर लंबा स्टील स्पैन

एमजी रोड पर रेलवे लाइन को पार करने के लिए भी लगभग 60 मीटर लंबे स्टील स्पैन का निर्माण किया जाएगा। इसके माध्यम से कम जगह में अधिक दूरी को कवर किया जा सकेगा। वहीं, यमुना नदी पर 45-45 मीटर के दो स्टील स्पैन तैयार किए जाएंगे। सेंट जॉन्स क्रॉसिंग और भगवान टॉकीज पर भी स्टील स्पैन का निर्माण प्रस्तावित है।

दो कॉरिडोर से जुड़ेगा आगरा का मेट्रो नेटवर्क

यूपीएमआरसी आगरा में कुल 29.4 किलोमीटर लंबे दो मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण कर रहा है। पहला कॉरिडोर ताजमहल पूर्वी गेट से सिकंदरा तक 14 किलोमीटर लंबा है, जिसमें छह एलिवेटेड और सात भूमिगत स्टेशन हैं। दूसरा कॉरिडोर आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक 15.4 किलोमीटर लंबा है, जिसमें 13 एलिवेटेड स्टेशन प्रस्तावित हैं। इनमें छह स्टेशन एमजी रोड पर होंगे।

कॉरिडोर-2 के प्रायोरिटी स्ट्रेच आगरा कैंट से आगरा कॉलेज तक संरचना एवं स्टेशन निर्माण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है, जबकि शेष हिस्से में भी निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। स्टील स्पैन की तकनीक से आगरा मेट्रो के चुनौतीपूर्ण हिस्सों में निर्माण को मजबूती और गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अन्य खबरे