एसएन मेडिकल कॉलेज में मिर्गी जागरूकता कार्यक्रम, बच्चों ने ड्राइंग प्रतियोगिता में दिखाई प्रतिभा

0
ae1d1dbe-49b2-4911-9101-8caaa1f4b91c

विशेषज्ञों ने बताया—नियमित दवाओं से 70 प्रतिशत मरीजों में मिर्गी के दौरों पर पाया जा सकता है नियंत्रण

आगरा। सरोजिनी नायडू (एसएन) मेडिकल कॉलेज के न्यूरोलॉजी विभाग में राष्ट्रीय मिर्गी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मिर्गी रोग के प्रति लोगों को जागरूक करना, समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना और मरीजों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना रहा। इस दौरान मिर्गी से पीड़ित बच्चों के लिए ड्राइंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में आगरा एकेडमी ऑफ न्यूरोलॉजी के अध्यक्ष डॉ. पीके महेश्वरी ने बताया कि लगभग 150 में से एक व्यक्ति मिर्गी से प्रभावित होता है। उचित उपचार और नियमित दवाओं के सेवन से करीब 70 प्रतिशत मरीजों में दौरों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

न्यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. नवनीत अग्रवाल ने कहा कि मिर्गी कोई अभिशाप नहीं, बल्कि मस्तिष्क से जुड़ी एक न्यूरोलॉजिकल बीमारी है। यह किसी भी उम्र में हो सकती है और सही समय पर पहचान एवं उपचार से मरीज सामान्य जीवन जी सकते हैं। उन्होंने लोगों से मिर्गी के मरीजों के प्रति भेदभाव न करने और उन्हें शिक्षा, खेलकूद सहित सभी गतिविधियों में समान अवसर देने की अपील की।

विभाग के चिकित्सकों डॉ. सिद्धार्थ, डॉ. आकांक्षी तथा सीनियर रेजिडेंट डॉ. शालिनी, डॉ. श्रीकर एवं डॉ. भैरव ने मिर्गी का दौरा पड़ने पर प्राथमिक उपचार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दौरे के दौरान मरीज को सुरक्षित स्थान पर करवट से लिटाना चाहिए तथा आसपास रखी नुकीली और कठोर वस्तुओं को हटा देना चाहिए। यदि दौरा पांच मिनट से अधिक चले या बार-बार पड़े तो तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए। मरीज के मुंह में चम्मच, उंगली या कोई अन्य वस्तु डालने तथा जबरदस्ती पकड़कर रोकने से बचना चाहिए।

मिर्गी को लेकर फैली भ्रांतियां दूर करने का संदेश

कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया कि मिर्गी न तो दैवीय प्रकोप है और न ही छुआछूत की बीमारी। सही जानकारी, समय पर निदान और नियमित उपचार से मरीज सम्मानपूर्वक सामान्य जीवन जी सकते हैं।

एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि समाज में मिर्गी को लेकर आज भी कई भ्रांतियां हैं, जिन्हें वैज्ञानिक सोच और सही जानकारी से दूर करना जरूरी है। न्यूरोलॉजी विभाग का यह जागरूकता कार्यक्रम और बच्चों की ड्राइंग प्रतियोगिता मरीजों का आत्मविश्वास बढ़ाने की दिशा में सराहनीय प्रयास है। कॉलेज का उद्देश्य प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर डॉ. मनीष बंसल, डॉ. मृदुल चतुर्वेदी, डॉ. प्रभात अग्रवाल, डॉ. मयंक अग्रवाल, डॉ. बसंत सहित अन्य चिकित्सक एवं विभागीय स्टाफ मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अन्य खबरे