नीट पेपर मामले का आरोपी शुभम खैरनार सीबीआई की हिरासत में, कई राज्यों में फैला नेटवर्क
नई दिल्ली। नीट यूजी पेपर लीक मामले की जांच में कई राज्यों तक फैले बड़े नेटवर्क के संकेत मिले हैं। राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की शुरुआती जांच में राजस्थान, उत्तराखंड, केरल और महाराष्ट्र के बीच कथित कनेक्शन सामने आए हैं। अब तक इस मामले में 14 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। कई संदिग्धों से पूछताछ जारी है।
नासिक पुलिस ने मंगलवार को नीट पेपर लीक मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। पुलिस उपायुक्त किरणकुमार चैहान ने बताया कि मंगलवार सुबह राजस्थान पुलिस से नीट परीक्षा के पेपर लीक मामले के संबंध में एक व्यक्ति को हिरासत में लेने का अनुरोध मिला था। तदनुसार, नासिक पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट 2 ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया है। चार टीमें नासिक स्थित क्राइम ब्रांच यूनिट-2 के कार्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने नीट यूजी 2026 परीक्षा के पेपर लीक के आरोपी शुभम खैरनार को हिरासत में लिया। उसे नासिक क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया था।
राजस्थान के सीकर जिले को जांच का सबसे अहम केंद्र माना जा रहा है। एसओ जी ने देहरादून, सीकर और झुंझुनूं सहित कई स्थानों पर कार्रवाई की थी। जांच एजेंसियों को संदिग्धों के मोबाइल चैट, कॉल रिकॉर्ड और डिजिटल दस्तावेज भी मिले हैं। जयपुर से हिरासत में लिए गए एक व्यक्ति को भी इस नेटवर्क की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।
पेपर लीक में इन जगहों के नाम आए सामने
सीकर, राजस्थान
झुंझुनूं, राजस्थान
चूरू, राजस्थान
नागौर, राजस्थान
देहरादून, उत्तराखंड
केरल
नासिक, महाराष्ट्र
लाखों में बिका गेस पेपर
सूत्रों के अनुसार शुरुआत में कथित गैस पेपर लाखों रुपये में बेचा गया। जबकि परीक्षा से ठीक पहले इसकी कीमत घटाकर हजारों रुपये तक कर दी गई थी। एजेंसियां अब पूरे मामले की मनी ट्रेल और डिजिटल नेटवर्क की जांच कर रही हैं। इसी बीच केंद्र सरकार ने पूरे मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी है।
