आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर दौडती कार बनी आग का गोला, कार सवारों ने कूदकर बचाई जान
आगरा। डौकी थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार को दौड़ती स्कॉर्पियो में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार आग के गोले में तब्दील हो गई। कार सवारों ने किसी तरह कार से कूद कर अपनी जान बचाई।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार शाम को उस समय अफरा-तफरी फैल गई जब सडक पर दौडती कार में अचानक आग लग गई। आग के गोले में तब्दील कार को देख एक्सप्रेस-वे पर वाहनों के पहिए जहां के तहां थम गए। कार में सवार विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता अनिल मिश्रा और चालक धर्मेंद्र राजपूत ने समय रहते गाड़ी से कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई। बताया जा रहा है कि कार के गियर में दिक्कत आने के चलते चालक कार को धीरे-धीरे चला रहा था। एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 14.900 पर आग लगते ही चालक ने तत्काल कार रोक दिया। चालक ने जैसे ही कार का बोनट खोला आग भडक उठी और देखते ही देखते कार धू धू कर जलने लगी। आनन फानन में स्कॉर्पियो से जरूरी सामान किसी तरह बाहर निकाला गया। सूचना पर फायर ब्रिगेड और यूपीडा टीम मौके पर पहुंची और जब तक आग पर काबू पाया तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।

