रेलवे जीएम का सख्त संदेशः यात्रियों को मुहैया कराई जाएं बेहतर सुविधाएं
महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे नरेश पाल सिंह ने आगरा मंडल के स्टेशनों का किया निरीक्षण
आगरा कैंट-मथुरा-भूतेश्वर रेल खंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण में रेलवे की व्यवस्थाओं को परखा
निरीक्षण में मिलीं खामियों को दूर करने के दिए निर्देश, सुविधाएं बढाने पर दिया जोर
आगरा। रेल संरक्षा और सुरक्षा के साथ-साथ रेलवे की व्यवस्थाओं व सुविधाओं को परखने के लिए महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे नरेश पाल सिंह ने गुरुवार को आगरा कैंट-मथुरा-भूतेश्वर रेल खंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान जीएम ने रेलवे ट्रैक से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं जैसे गुणवत्ता, सिग्नलिंग सिस्टम और विकास कार्याें की बारीकी से पड़ताल की। इस दौरान मिली खामियों को उन्होंने अधिकारियों को मौके पर ही सुधार के निर्देश दिए।
महाप्रबंधक ने अधिकारियों को यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास करने के निर्देश भी दिए। महाप्रबंधक, उत्तर मध्य रेलवे नरेश पाल सिंह ने आगरा कैंट-मथुरा-भूतेश्वर रेल खंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान रेल परिचालन और ट्रैक की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने आगरा छावनी, ईदगाह, बाद, मथुरा जंक्शन के निरीक्षण के दौरान बाद रेलवे स्टेशन के रूट रिले इंटरलॉकिंग प्रणाली का भी निरीक्षण किया। मथुरा जंक्शन स्टेशन पर सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफार्म, फुट ओवर ब्रिज, जलपान गृह, शौचालय, टिकट काउंटर आदि यात्री सुविधाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। भूतेश्वर रेलवे स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों का जायजा लेते हुए महाप्रबंधक ने भविष्य में विकसित की जाने वाली सुविधाओं पर संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा की।
आगरा छावनी रेलवे स्टेशन पर द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय कक्ष के पुनर्विकास कार्यों के गहन निरीक्षण के साथ ही, निर्माणाधीन द्वितीय प्रवेश द्वार के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। महाप्रबंधक ने ईदगाह रेलवे स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार, सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफार्म, जलपान गृह और शौचालय आदि का निरीक्षण किया। इस दौरान पाई गई कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जीएम के निरीक्षण के मौके पर मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल, प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक प्रयागराज एसएस चंद्रयान, सचिव महाप्रबंधक अखिल शुक्ल सहित मंडल के सभी वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


