पर्यावरण अनुकूल सुरक्षित और किफायती मेट्रो सफर अपनाएं!
विश्व सार्वजनिक परिवहन दिवस पर आगरा मेट्रो ने विश्व विद्यालय की छात्राओं को किया जागरुक
डॉ बीआर आंबेडकर विश्वविद्यालय की छात्राओं ने पोस्टर्स और रंगोली बना दिया जागरूकता का संदेश
मेट्रो राइड का लिया आनंद, प्रदूषण और जाम से बचने के लिए मेट्रो अपनाने की अपील
आगरा। विश्व सार्वजनिक परिवहन दिवस पर शुक्रवार को यूपी मेट्रो द्वारा पर्यावरण अनुकूल सुरक्षित और किफायती सफर के प्रति डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की छात्राओं को जागरुक किया। विश्व विद्यालय की छात्राओं ने सुबह खंदारी कैंपस से आरबीएस मेट्रो स्टेशन तक महिला सशक्तिकरण के संदेश देते हुए पैदल मार्च निकाला।
इस दौरान महिलाओं के लिए मेट्रो सबसे सुगम और सुरक्षित साधन के तौर प्रयोग करने के लिए जागरूक किया। साथ ही विश्वविद्यालय की छात्राओं द्वारा ताजमहल मेट्रो स्टेशन पर बनाई गई मनमोहक रंगोली आकर्षण का केंद्र रहीं।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की छात्राओं ने मेट्रो राइड का भी आनंद लिया और आगरा मेट्रो द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जाना। इस विशेष मेट्रो राइड के दौरान मेट्रोकर्मियों ने छात्राओं को महिला सुरक्षा को लेकर यूपीएमआरसी द्वारा किए गए इंतजामों के बारे में भी जानकारी दी।



