एयर इंडिया, इंडिगो ने पश्चिम एशिया के लिए सभी उडाने रद्द कीं
नयी दिल्ली। पश्चिम एशिया में विस्फोटक हालात के मद्देनजर भारतीय विमान सेवा कंपनियों ने वहां जाने वाली और वहां से आने वाली सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं। टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया ने शनिवार को बताया कि उसने पश्चिम एशिया को जाने वाली सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं। इससे पहले एयर इंडिया की तेल अवीव जा रही उड़ान एआई 139 को इजराइल में हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण बीच रास्ते से ही दिल्ली के लिए वापस लौटना पड़ा था। एयरलाइन ने यात्रियों को घर से निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करने की सलाह दी है।
निजी विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर जारी परामर्श में आज रात 12 बजे तक के लिए पश्चिम एशिया को जाने वाली सभी उड़ानें रद्द करने की जानकारी दी है। दोनों एयरलाइंस ने कहाकि यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है। स्पाइसजेट ने कहाकि दुबई में हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण उसकी कुछ उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। उल्लेखनीय है कि अमेरिका और इजराइल की ईरान पर शनिवार सुबह हुई संयुक्त सैन्य कार्रवाई के बाद ईरान ने भी पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य ठिकाने वाले कई देशों में मिसाइल हमले किये हैं जिससे क्षेत्र में असुरक्षा की स्थिति बन गयी है।
