राज्यसभा की समिति में सांसद नवीन जैन को मिली जिम्मेदारी
कार्मिक, लोक शिकायत, विधि और न्याय संबंधी समिति में किए गए नामित
नई दिल्ली। राज्यसभा की महत्वपूर्ण समिति में उत्तर प्रदेश के आगरा से सांसद नवीन जैन को भी जिम्मेदारी मिली है। संसद की विभाग-संबंधी संसदीय स्थायी समितियों का पुनर्गठन वर्ष 2025-26 के लिए किया गया। विभिन्न विषयों पर कई समितियों के किए गए गठन में देशभर के सांसदों को शामिल किया गया है।
हर वर्ष संसद में अलग-अलग विषयों पर विभाग-संबंधी स्थायी समितियां गठित की जाती हैं। इन समितियों में लोकसभा और राज्यसभा के लिए अलग-अलग सदस्य मनोनीत किए जाते हैं। ताकि दोनों सदनों से प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो सके। इन समितियों का उद्देश्य विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के कार्यों की समीक्षा कर नीतिगत सुझाव देना होता है। इन्हीं में से एक प्रमुख समिति कार्मिक, लोक शिकायत, विधि और न्याय संबंधी समिति में उत्तर प्रदेश के आगरा से राज्यसभा सांसद नवीन जैन को सदस्य के रूप में नामित किया गया है।
यह समिति सरकार की प्रशासनिक व्यवस्था, जन शिकायत निवारण और विधिक मामलों की समीक्षा से जुड़ी है। इस समिति के अध्यक्ष राज्यसभा सांसद बृजलाल होंगे। समिति में देश के कई वरिष्ठ सांसदों जैसे एनआर. एलंगो, रंजन गोगोई, मनन कुमार मिश्रा, कपिल सिब्बल आदि को भी शामिल किया गया है।
सांसद नवीन जैन की इस समिति में नियुक्ति पर आगरा में हर्ष और गर्व का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने कहाकि नवीन जैन की सक्रियता और जनता से जुड़ाव से समिति को नई दिशा मिलेगी तथा शासन व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी। इस अवसर पर सांसद नवीन जैन ने कहाकि मुझे यह दायित्व मिलना मेरे लिए सम्मान की बात है। मैं जनता की आवाज को संसद तक पहुंचाने और प्रशासनिक सुधारों के लिए पूरी निष्ठा से काम करूंगा।
