जैसलमेर में सवारियों से भरी एसी स्लीपर बस में आग, 20 जिंदा जले
कलेक्टर जैसलमेर बोले, बस में सिर्फ लाशें ही लाशें
आग से बस इतनी गर्म कि शव नहीं निकाल पा रहे
जैसलमेर-जोधपुर हाइवे मंगलवार दोपहर लगी आग
जैसलमेर। राजस्थान के जैसलमेर-जोधपुर हाइवे पर मंगलवार अपरान्ह सवारियों से भरी स्लीपर बस में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया। यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बचने के लिए लोग चलती बस से कूद गए। इस हादसे में करीब 20 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। जैस लमेर से जोधपुर जा रही इस बस में 50 से ज्यादा यात्री सवार थे।

मिली जानकारी के मुताबिक बस में सवार बहुत से यात्री गंभीर रूप से झुलसे गए। इनमें से 20 यात्रियों की मौत की आशंका जताई जा रही है। मृतकों में तीन बच्चे और चार महिलाएं शामिल हैं। इस प्राइवेट बस में 57 यात्री सवार थे। दोपहर 3.40 पर आग लगी। फिलहाल आग लगने की वजह साफ नहीं हो सकी है।
जैसलमेर से निकलने के बाद कुछ ही दूरी पर इसके पिछले हिस्से में अचानक आग लग गई। कुछ ही पलों में पूरी बस धूं-धूं कर जलने लगी। जानकारी के मुताबिक आगे की तरफ बैठे हुए यात्री किसी तरह कूद गए, लेकिन पीछे के हिस्से में बैठे यात्री झुलस गए। बस में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। झुलसे हुए लोगों को जिला अस्पताल भेजा जा रहा है। आग लगने से बड़ा नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। असिस्टेंट फायर ऑफिसर कृष्ण पाल सिंह राठौर के मुताबिक फायर ब्रिगेड के पहुंचने पर बस आग का गोला बनी हुई थी। ज्यादातर लोगों को स्थानीय लोगों ने पहले ही रेस्क्यू कर बाहर निकाल लिया था। अंदर जो भी लोग फंसे हुए थे उनमें से किसी को भी जिंदा नहीं बचाया जा सका। फायर ब्रिगेड के पहुंचने पर अंदर 20 लोगों के रहने की आशंका है।
सीएम ने हादसे पर जताया दुःख
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जैसलमेर बस दुखांतिका पर दुख जताया है। सीएम भजनलाल ने कलेक्टर और एसपी से फोन पर बात कर पीड़ितों को हर संभव मदद के निर्देश दिए। वहीं हादसे में झुलसे हुए कई यात्रियों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें जोधपुर रेफर किया गया है। फायर ऑफिसर के मुताबिक कई लोगों को ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। इस बीच सीएम भजनलाल शर्मा लगातार अधिकारियों को निर्देश दे रहे हैं। सीएम आज रात या कल सुबह जैसलमेर जा सकते हैं। जैसलमेर जिला कलेक्टर प्रताप सिंह की ओर से हादसे की गंभीरता को देखते हुए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।
हेल्पलाइन नंबर जारी
9414801400
8003101400
02992-252201
02992-255055
