फर्जी बिलों से की 45 करोड़ की जीएसटी चोरी, आगरा से मेरठ तक बिछा जाल, तीन गिरफ्तार
लोहामंडी पुलिस ने किया जीएसटी चोरों का पर्दाफाश
आरोपियों से लैपटाॅप, 3 मोबाइल और कार बरामद
आगरा। लोहामंडी थाना पुलिस ने फर्जी जीएसटी फर्म बना कर 45 करोड़ रुपए की आईटीसी (इनपुट टैक्स क्रेडिट) चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से एक लैप टॉप, तीन मोबाइल और एक कार बरामद की गई है। तीनों आरोपी मेरठ के रहने वाले हैं। मुकदमे की विवेचना में पुलिस की सर्विलांस और टेक्निकल टीम द्वारा 23 लोगों का नाम प्रकाश में आया। पुलिस इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की तलाश में जुटी है।
लोहामंडी पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मेरठ के थाना ब्रह्मपुरी के नूर नगर निवासी वसीम राजा उर्फ सलीम और शोएब, थाना कोतवाली के सराय वहलीम विलाई जोड़ी निवासी शाकिब हैं। राज्य कर अधिकारी प्रशांत कुमार गौतम ने एक नवंबर, 2025 को लोहामंडी थाने में फर्जी बिलों से कर चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें आरएस ट्रेडर्स फर्म के मालिक अंकित कुमार निवासी 51 एमजी रोड लोहामंडी, बालाजी ट्रेडर्स के मालिक शिवम प्रताप निवासी बेलनगंज, आकाश ट्रेडर्स के मालिक आकाश, सिंह ट्रेडर्स के मालिक दीपक और पीके ट्रेडर्स के मालिक लवकुश को नामजद किया गया था। उक्त फर्मोंं पर जीएसटी चोरी का आरोप था।
पुलिस द्वारा मुकदमे की विवेचना में पूरे मामले का पर्दाफाश हुआ। फर्जी बिलों से लगभग 45 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी का मामला सामने आया। इस खेल में 23 लोगों का नाम प्रकाश में आया। इंस्पेक्टर लोहामंडी उत्तमचंद पटेल ने बताया कि मामले में तीन आरोपियों वसीम राजा, शोएब और शाकिब को गिरफ्तार किया है। विवेचना में 23 लोगों के नाम सामने आए हैं, जबकि पांच अज्ञात भी शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से लैपटाप, तीन मोबाइल और एक कार बरामद की है।
विवेचना में सामने ये आए नाम
लोहामंडी पुलिस द्वारा की गई विवेचना में राहुल, अंकित, अरशद, मुजफ्फर, वहीद राजपूत, आशीष, जावेद निवासी अहमदाबाद, सोना झा, अनस, आनंद निवासी प्रयागराज, गिर्जेश तिवारी, अमित निवासी रोहिणी दिल्ली, अंकुर सिंह, अनीश निवासी श्याम नगर मेरठ और ओमकार निवासी अलीगढ़ के नाम भी सामने आए। पुलिस इनकी तलाश में जुटी है। फर्जी बिलों से जीएसटी चोरी के मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक उत्तम चंद पटेल, उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह, जसवंत सिंह, अनुराग वर्मा और टेक्निकल टीम से उपनिरीक्षक अंकुर गौतम के अलावा कांस्टेबिल अंकित और सागर टेक्निकल सेल, भरत शर्मा, महिला कांस्टेबिल सविता कुमारी और देवराज चैधरी शामिल रहे।
