बरगी डैम क्रूज हादसे की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होः नवीन जैन

0
771ccf10-7be5-4e76-877d-d2049386c8a4

आगरा। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे को लेकर उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने पूरे मामले की उच्च स्तरीय, निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग की है। उन्होंने इस हृदयविदारक घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए मृतकों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतृप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
नवीन जैन ने कहाकि इस हादसे में निर्दोष लोगों की असामयिक मृत्यु ने न केवल मध्य प्रदेश बल्कि पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
उन्होंने घटना से जुड़े कई गंभीर सवाल भी उठाए हैं। उन्होंने कहाकि प्राप्त मौसम विभाग द्वारा पूर्व में चेतावनी जारी किए जाने के बावजूद संबंधित क्रूज को जल में उतरने की अनुमति दी गई, जो स्पष्ट रूप से गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने कहाकि जब क्रूज दुर्घटनाग्रस्त हुआ, उस समय रेस्क्यू टीम, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और जल पुलिस तत्काल मौके पर क्यों नहीं पहुंच सकीं।
सांसद जैन ने कहाकि इस प्रकार की जल परिवहन सेवाओं में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन अत्यंत आवश्यक है, किंतु इस घटना में लाइफ जैकेट, आपात कालीन व्यवस्था और अन्य सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन न किया जाना बेहद चिंता जनक है। यह सीधे-सीधे प्रशासनिक और प्रबंधन स्तर पर गंभीर चूक की ओर संकेत करता है।
नवीन जैन ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि इस घटना की गहन जांच कर यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि आखिर किन अधिकारियों या संस्थाओं द्वारा क्रूज संचालन की अनुमति दी गई थी और किन परिस्थितियों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई। उन्होंने कहाकि दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर से कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। ताकि भविष्य में कोई भी इस प्रकार की लापरवाही करने का साहस न कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अन्य खबरे