आगरा में दूसरी मंजिल से गिरे 3 मजदूरों की दर्दनाक मौत, मचा कोहराम
ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में हुआ बडा हादसा, मची अफरा-तफरी
मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, मौके पर अधिकारी
आगरा। एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के ट्रांस यमुना फेस-वन में शनिवार को मकान निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। दूसरी मंजिल पर स्टोर रूम के निर्माण के दौरान शटरिंग लगाते समय झुके गर्डर के साथ तीन मजदूर नीचे आ गिरे। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल दो मजदूरों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीन मजदूरों की मौत से मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है। सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
ट्रांस यमुना क्षेत्र के फेस वन में मकान की दूसरी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान मजदूर शटरिंग लगाने का काम कर रहे थे। अचानक ढांचा असंतुलित हो गया और गार्डर, पटिया, सीमेंट के कट्टे सहित तीनों मजदूर नीचे आ गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। हादसे में रंजीत की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल मुन्नालाल और जगदीश उपचार के लिए समीप के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। इधर घटना की जानकारी मिलने पर मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते हुए परिजन मौके पर पहुंच गए।
