फाउंड्री नगर से होगा अलीगढ-हाथरस की बसों का संचालन, सुधरेगी शहर की ट्रैफिक व्यवस्था
जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में हुई जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक में लिए गए कई फैसले
भगवान टॉकीज, अबूलाला दरगाह और वाटर वक्र्स पर रोडवेज व निजी बसों का अनाधिकृत ठहराव होगा बंद
जाम की समस्या के प्रभावी निस्तारण के निर्देश, एसीपी ट्रैफिक और एक एसीएम मौके की देंगे रिपोर्ट
आगरा। जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु समिति की कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में शहर की जाम की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया। व्यापारियों की मांग पर जिलाधिकारी ने अलीगढ़, हाथरस बसों का ठहराव फाउंड्री नगर में करने का आश्वासन दिया। साथ ही भगवान टॉकीज, अबू लाला दरगाह, वाटर वक्र्स पर रोडवेज और प्राइवेट बसों के अनाधिकृत ठहराव पर प्रभावी रोक के निर्देश दिए।
बैठक में गढ़ी महासिंह सब-स्टेशन, एत्मादपुर, से जुड़ी औद्योगिक इकाईयों को रास्ते में विद्युत आपूर्ति में आ रही समस्याओं, लाइन ट्रिपिंग के सम्बन्ध में जिलाधि कारी ने विद्युत विभाग और वन विभाग से जवाब तलब किया। विद्युत विभाग द्वारा बताया गया कि पेड़ों की टहनियों की छटाई या इंसुलेटेड केबल द्वारा समस्या समाधान हो सकता है। जिलाधिकारी ने वन विभाग को पेड़ों की छटाई की अनुमति के लिए कार्यवाही सुनिश्चित कराने और विद्युत विभाग को उक्त 6 किमी क्षेत्र में इंसुलेटेड केबल का प्रस्ताव विभाग के बिजनेस प्लान में शामिल कराने निर्देश दिए।
फाउण्ड्री नगर स्थित भूमि (कार्यशाला) पर सेटेलाईट बस स्टेशन से बसों के संचालन पर क्षेत्रीय प्रबन्धक, राज्य सड़क परिवहन निगम ने बताया कि फाउंड्री नगर, सेटेलाईट बस स्टेशन कार्य पूर्ण है। जल्द ही परिवहन मंत्री और क्षेत्रीय विधायक से समय लेकर लोकार्पण कराया जाएगा। बताया कि शासन द्वारा उपरोक्त बस स्टेशन के बृहद स्तर पर विकसित करने के लिए 138 करोड़ के प्रस्ताव को स्वीकृत किया गया है। जिलाधिकारी ने संबंधित मंत्री जनप्रतिनिधि से वार्ता कर शीघ्र फाउण्ड्री नगर कार्यशाला पर सेटेलाइट बस स्टेशन का शुभारंभ करने के निर्देश दिए, गौरतलब है कि उक्त बस स्टेशन के प्रारंभ होने से अलीगढ़, हाथरस जनपदों की ओर से आने वाली बसों का ठहराव वहीं हो सकेगा जिससे शहर में ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होगा।
बैठक में भगवान टॉकीज व अबूलाला दरगाह, वाटर वक्र्स पर रोडवेज और प्राइवेट बसों के अनाधिकृत ठहराव से लगने वाले जाम की समस्या पर जिलाधिकारी ने एसीपी ट्रैफिक और एक एसीएम को भौतिक निरीक्षण कर रिपोर्ट देने, बस ड्राइवर व चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करने व अन्य राज्यों की बसों का ठहराव वहां न हो इसके लिए चालान और जुर्माने की प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए।
बैठक में टेढ़ी बगिया से चार पुलिया तक निर्मित किए जा रहे बड़े नाले के निर्माण में अव्यवस्था, औद्योगिक आवागमन अवरूद्ध होने और वैकल्पिक व्यवस्था न होने, यूपीएसआईडी द्वारा विकसित फाउंड्री नगर औद्योगिक क्षेत्र में रोड साइड नाली निर्माण, जल निकासी और सड़क का मुद्दा भी उठाया गया। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्र, सिकन्दरा में ग्रामीणों द्वारा अनाधिकृत कब्जे की शिकायत पर जिलाधिकारी ने एसडीएम सदर और यूपीसीडा के अधिकारियों की टीम द्वारा पैमाइस करने और यूपीसीडा के ले आउट के आधार पर अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। इसके अलावा भगवती बाग, फाउण्ड्री नगर औद्योगिक क्षेत्र में सडक नाली निर्माण की मांग पर जिलाधिकारी ने नगर निगम को कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन आजाद भगत सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक धीरेंद्र सिंह, अपर नगरायुक्त शिशिर कुमार, सीएफओ देवेंद्र सिंह, उपायुक्त उद्योग शैलेन्द्र सिंह, जिला उद्योग बंधु समिति के सदस्य मौजूद रहे।

