यात्रीगण ध्यान देंः रेलवे बना रहा दिव्यांगों के लिए रियायती कार्ड, ऐसे करें आनलाइन आवेदन
अप्रैल से मार्च-2026 तक 855 रेलवे रियायत कार्ड कर चुका जारी
मार्च- 2026 में 73 रेलवे रियायत कार्ड बना कर जारी किये गए
आगरा। शारीरिक रूप से दिव्यांग व्यक्तियों और बच्चों के लिए रेलवे आॅन लाइन रियायती कार्ड बना रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 तक रेलवे 855 रियायती कार्ड जारी कर चुका है। अकेले मार्च माह में 73 रियायती कार्ड जारी किए गए। आगरा रेल मंडल दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए लगातार प्रयासरत है।
मंडल रेल प्रबंधक, आगरा गगन गोयल के निर्देशन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता के नेतृत्व में वित्तीय वर्ष 2025-26 अप्रैल से मार्च तक शारीरिक रूप से दिव्यांग व्यक्तियों और बच्चों के लिए कुल 855 रेलवे रियायत कार्ड ऑनलाइन बना कर जारी किए गए। अप्रैल में 49, मई में 31, जून में 98, जुलाई में 84, अगस्त में 37, सितम्बर में 120, अक्टूबर में 59, नवम्बर में 63, दिसम्बर में 53, जनवरी में 75, फरवरी में 113 और मार्च में 73 रेलवे रियायत कार्ड जारी किए गए। शारीरिक रूप से दिव्यांग व्यक्ति ऑनलाइन आवेदन कर रेलवे रियायत कार्ड के लिए आवेदन कर सकते है। ऑनलाइन आवेदन रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और आवश्यक विवरण भरें और दस्तावेज अपलोड करें,सभी विवरणों की जांच करें और आवेदन सबमिट कर दें।
इन दस्तावेजों की होगी आवश्यकता
रेलवे के रियायती कार्ड के लिए जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी किया चिकित्सा प्रमाण पत्र, फोटो, परिचय पत्र, पहचान पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट, पैन कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र। वेरीफिकेशन के बाद डीआरएम ऑफिस से मिले रियायत कार्ड को रेलवे के सॉफ्टवेयर में अपडेट कर दिया जाएगा। इसके बाद जब भी दिव्यांग यात्री टिकट के लिए आवेदन करेगा, तो उसे अपने रेलवे रियायत कार्ड की फोटो कॉपी देनी होगी। जैसे ही रेलवे रियायत कार्ड की एंट्री सॉफ्टवेयर में की जाएगी उक्त यात्री की पूरी डिटेल मॉनिटर पर सामने आ जाएगी और उसी आधार पर कंसेशन टिकट बनाया जाएगा। यही व्यवस्था ई टिकट पर भी रहेगी। ताकि रेल, यात्रा के लिए दिव्यांग यात्रियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न उठानी पड़े। दिव्यांग यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने रियायत कार्ड की सुविधा शुरू की है। जिससे किराये में छूट मिलेगी व रेलवे रियायत कार्ड बनने से उनको रेल यात्रा के दौरान परेशानी का सामना नही करना पढ़ेगा।
जनसंपर्क अधिकारी आगरा रेल मंडल संजय कुमार गौतम ने बताया की शारीरिक रूप से दिव्यांग व्यक्ति अब ऑनलाइन रेलवे रियायत कार्ड के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते है। रेलवे रियायत कार्ड बनने से किराये में छूट मिलेगी व उनको रेल यात्रा के दौरान परेशानी का सामना नही करना पड़ेगा।
