मेट्रो कार्य में लगी क्रेन ने एमजी रोड पर महिला को कुचला, मौत, जांच में जुटी पुलिस
आगरा। एमजी रोड पर राजामंडी के पास बुधवार को मेट्रो कार्य में लगी क्रेन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। महिला बेटी के साथ स्कूटी से जा रही थी। मां की मौत से बेटी भी मौके पर ही अचेत हो गई। मौके पर तमाम लोगों की भीड जमा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले में जांच की जा रही है।
हाथरस निवासी उर्मिला पत्नी पुष्पेंद्र अपनी बेटी के साथ स्कूटी से जा रहीं थीं। एमजी रोड पर राजा की मंडी के पास क्रेन की चपेट में आ गईं। हादसे में महिला की मौत हो गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। तमाम राहगीरों की भीड जमा हो गई। मां की मौत के सदमे में बेटी अचेत हो गई। लोगों ने किसी तरह उसे होश में लाया। जिस क्रेन से हादसा हुआ वह मेट्रो के कार्य में लगे होने की बात कही गई है। गौरतलब है कि आगरा में मेट्रो कार्य के दौरान पूर्व में भी हादसे हो चुके हैं। प्रतापपुरा में मेट्रो की क्रेन एक घर के ऊपर गिर गई थी। वहीं सिकंदरा हाईवे पर मेट्रो ट्रैक से एक लकड़ी का टुकड़ा टूटकर कार में घुस गया था। इसमें चालक बाल-बाल बचा था। हाल ही में सिकंदरा में ही मेट्रो की क्रेन एक अस्थायी दुकान के ऊपर गिर गई थी।
