आईएसबीटी से टीडीआई माॅल तक जुलाई से मिलेगा मेट्रो का सफर!
आगरा मेट्रोः मनःकामेश्वर से आईएसबीटी स्टेशन तक हाई स्पीड ट्रायल की तैयारी हुई तेज
मनःकामेश्वर स्टेशन से आईएसबीटी तक जारी है सिग्नलिंग और सिस्टम्स उपकरणों की टेस्टिंग
आगरा। यूपी मेट्रो ने मनःकामेश्वर से आईएसबीटी मेट्रो स्टेशन के बीच हाई स्पीड ट्रायल की तैयारियां तेज कर दी है। यूपी मेट्रो द्वारा लगातार अप और डाउन लाइन में ट्रायल किया जा रहा है। अप्रैल के अंतिम सप्ताह में आगरा मेट्रो का हाई स्पीड ट्रायल किया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए यूपी मेट्रो ट्रायल रन के दौरान आगरा मेट्रो टीम सिग्नलिंग, ट्रैक्शन आदि सिस्टम का गहनता से परिक्षण कर रही है।
इस मौके पर यूपीएमआरसी एमडी सुशील कुमार ने कहाकि हम सारे उपकरणों, सिस्टम, सिग्नलिंग, ट्रैक आदि की टेस्टिंग के लिए सफलतापूर्वक ट्रेन का टेस्ट रन कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहाकि यूपीएमआरसी आगरा को एक विश्वस्तरीय मेट्रो प्रणाली देने के लिए प्रतिबद्ध है। माना जा रहा है कि मनःकामेश्वर स्टेशन से आईएसबीटी तक जुलाई में मेट्रो का संचालन शुरू हो जाएगा। मेट्रो का पहला कारिडोर 14 किमी लंबा है। इसमें दो साल से छह किमी ट्रैक में मेट्रो का संचालन हो रहा है। हर दिन छह हजार से अधिक यात्री सफर कर रहे हैं। बिजलीघर स्थित मनःकामेश्वर स्टेशन से आईएसबीटी स्टेशन तक छह किमी लंबा ट्रैक बनकर तैयार हो गया है। डेढ़ माह पूर्व अप लाइन में मेट्रो का परीक्षण चालू हुआ था। सोमवार को एसएन मेडिकल कालेज से आईएसबीटी स्टेशन तक डाउन लाइन में परीक्षण शुरू हुआ।
दो बार में मेट्रो को 5 से 10 किमी प्रति घंट की गति से चलाया गया। इसके बाद ट्रैक, सिग्नल सहित अन्य जांच की गई। यूपीएमआरसी के अनुसार एसएन से मनःकामेश्वर स्टेशन तक तीन से पांच दिनों में डाउन लाइन में परीक्षण शुरू होगा। इस हिस्से में टनल निर्माण में देरी हुई थी। बताया कि जनता के लिए जुलाई से मेट्रो का संचालन शुरू होगा। उधर, आईएसबीटी मेट्रो स्टेशन तेजी से आकार ले रहा है। यह स्टेशन एक से दो माह में बनकर तैयार हो जाएगा।
आईएसबीटी से टीडीआई माल तक पहुंच सकेंगे
जुलाई के पहले सप्ताह से आईएसबीटी से फतेहाबाद रोड स्थित ताज पूर्वी गेट तक मेट्रो से पहुंच सकेंगे। इससे 12 किमी का सफर आसान हो सकेगा।


