यूपी में अगले पांच दिनों तक आसमान से बरसेगी आग, कई जिलों में पारा 44 डिग्री पार पहुंचने की संभावना

0
1200-675-23921772-thumbnail-16x9-ss

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अगले कई दिनों तक भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अनेक हिस्सों में 25 अप्रैल तक दिन के समय लू चलने की चेतावनी जारी की है। राज्य के अधि कांश भागों में फिलहाल मौसम शुष्क रहने की संभावना है। जबकि 27 अप्रैल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश अथवा बौछार पड़ सकती है।
मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र के अनुसार 21 से 26 अप्रैल तक पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में सामान्यतः मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान तेज धूप, गर्म हवाएं और तापमान में वृद्धि के कारण जनजीवन प्रभावित हो सकता है। 27 अप्रैल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं वर्षा अथवा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
राजधानी लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, झांसी, आगरा, मेरठ, गोरखपुर, बरेली, मुरादाबाद और अयोध्या समेत अनेक जिलों में अधिकतम तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। बुंदेलखंड और दक्षिणी हिस्सों में गर्मी का प्रभाव अधिक रह सकता है, जहां झांसी, बांदा, हमीरपुर और आसपास के क्षेत्रों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर पहुंचने के आसार हैं। वहीं प्रयागराज, कानपुर और वाराणसी मंडल में भी गर्म हवाओं के कारण तीखी गर्मी महसूस की जाएगी।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आगरा, अलीगढ़, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर और मुरादाबाद मंडल में दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं का असर बना रहेगा। मौसम विभाग ने 22 से 25 अप्रैल के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं लू चलने की संभावना जताई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, बस्ती, आजमगढ़, देवरिया, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर और वाराणसी मंडल में 21 अप्रैल से 25 अप्रैल के बीच कई स्थानों पर लू की स्थिति बन सकती है। विभाग ने 23 और 24 अप्रैल को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर लू चलने की विशेष चेतावनी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *