फिरोजाबाद में दर्दनाक हादसाः दो बाइकों की भीषण भिड़ंत, पति-पत्नी समेत तीन की मौत, दो गंभीर घायल

0
658fd02c-68f9-4374-8993-9e35cad1bedd

फिरोजाबाद। एका थाना क्षेत्र में शीशियां पुल के समीप गुरुवार सुबह दो बाइकों के बीच हुई आमने-सामने भिड़ंत ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। हादसे में दिल्ली से गांव आ रहे दंपत्ति और अपने पिता को खाना देकर लौट रहे एक छात्र की मौत हो गई। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं छात्र की बाइक पर सवार उसका चचेरा भाई और एक दोस्त भी घायल हुए हैं। दोनों की हालत अस्पताल में गंभीर बनी हुई है।
एक थाना क्षेत्र के गांव उजीरपुर निवासी 45 वर्षीय अरविंद कुमार दिल्ली में एक एक्सपोर्ट कंपनी में सिलाई का काम करते थे। उनके पिता ने बताया कि गांव में गेहूं की कटाई-मड़ाई का काम चल रहा था, जिसके लिए उन्होंने दोनों बेटों को घर बुलाया था। अरविंद अपनी पत्नी 43 वर्षीय शशि देवी के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे कि सुबह करीब 10.45 बजे नगला खेड़ा के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई। हादसे में बहू शशि की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अरविंद ने आगरा ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं दूसरी बाइक पर सवार 19 वर्षीय छात्र संदीप की भी हादसे में मौत हो गई। संदीप हाईस्कूल का छात्र था। वह अपने चचेरे भाई राजीव के साथ बाइक से खेत पर पिता को खाना देकर चाचा के पास खाना देने जा रहा था। हादसे में संदीप का चचेरा भाई राजीव और दोस्त सनी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिनका उपचार चल रहा है। यह दोनों भी संदीप के साथ बाइक पर सवार थे। हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची इलाका पुलिस ने तत्काल घायलों को ट्रामा सेंटर भिजवाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद से ही उजीरपुर और उडेसर गांव में मातम पसरा हुआ है। थाना प्रभारी एका संजुल पांडेय ने बताया कि हादसा तेज रफ्तार और मोड़ पर संतुलन बिगड़ने के कारण हुआ है। दो बाइकों की भिड़ंत में दंपत्ति और एक छात्र की मृत्यु हुई है। शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले की विधिक जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *