नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में आगरा की महिला शक्ति ने निकाली स्कूटर-बाइक रैली
नगर निगम से एमडी जैन इंटर कॉलेज तक निकाली गई रैली में महिलाओं ने दिखाया दम
पीएम को आधी आबादी ने दिया धन्यवाद, बोलीं अब कंधे से कंधा मिला देश को विकसित बनाएंगे
आगरा। संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित होने की खुशी में महिलाओं द्वारा एमजी रोड पर स्कूटर व बाइक रैली निकाली गई। महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने रैली को हरी झंडी दिखाई। वह खुद भी स्कूटर पर सवार होकर रैली में शामिल हुईं। रैली सूरसदन चैराहा, संजय प्लेस, सेंट पीटर्स रोड होते हुए एमडी जैन इंटर कॉलेज पर समाप्त हुई।

इससे पहले नगर निगम प्रांगण में महिलाओं ने मानव श्रृंखला बनाई। इस दौरान चलाए गए हस्ताक्षर अभियान में शहर की महिलाओं ने हस्ताक्षर किए। इसके बाद निकाली गई रैली में शहर की सैंकड़ों महिलाओं, युवा महिला शक्ति ने उत्साह से भाग लिया। रैली के दौरान महिलाओं ने पीएम मोदी के जयकारे लगाए। महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने कहाकि प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम संसद में पारित कराकर देश की महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। आज देश की प्रत्येक महिला नरेंद्र मोदी को धन्य वाद ज्ञापित कर रही है। उन्होंने कहाकि पीएम मोदी द्वारा की गई इस ऐतिहासिक पहल के कारण देश में महिलाओं को प्रतिनिधित्व करने का अवसर अवसर मिलेगा। अब महिलाएं अपनी आवाज खुद उठा सकेंगी।

महापौर ने कहाकि इतनी बड़ी संख्या में महिलाएं संसद में पहुंचेंगी और बहन, बेटियों और मां की आवाज बनेंगी। उन्होंने कहाकि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जल्द ही प्रदेश में भी महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी। जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया ने कहाकि महिलाओं को अब सड़क से संसद तक प्रतिनिधित्व मिलेगा। इससे समाज में महिलाओं की स्थिति मजबूत होगी। आने वाली पीढ़ी को इससे और लाभ मिलेगा। डॉ. निधि शर्मा ने कहाकि यह ऐतिहासिक क्षण हैं। नारी शक्ति वंदन अधिनियम से न केवल महिलाओं को प्रतिनिधित्व मिलेगा बल्कि देश अब डबल स्पीड से विकास की रफ्तार पर चलेगा। नंदिनी सिंह ने कहा कि नये भारत में देश की नारी पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलेंगी। अब देश को विकसित बनाने की दिशा में तेजी आएगी।
एक स्कूटर पर सवार हुईं महापौर-जिला पंचायत अध्यक्ष
रैली के दौरान नारी शक्ति की एकता दिखाई दी। सभी महिलाओं ने एक स्वर में हुंकार भरी और खुशी के साथ नारेबाजी की। इस दौरान महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा और जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया एक ही स्कूटर पर सवार दिखीं।
महापौर ने की अपील ट्रैफिक रूल्स करें फॉलो
रैली से पूर्व महापौर ने सभी शहरवासियों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहाकि सड़क पर चलने के दौरान अपनी सुरक्षा करना जरूरी है। मैं सबसे पहले सभी बहनों से अपील करती हूं कि वे अपनी सुरक्षा का ध्यान रखें और ट्रैफिक रूल्स को फॉलो करें और हेलमेट अवश्य पहनें। उन्होंने कहाकि यदि सभी लोग ट्रैफिक नियमों का पालन करेंगे तो सड़कें और सुरक्षित हो जाएंगी।


