आगरा की सौम्या कुलश्रेष्ठ ने यूपीपीसीएस में पहले प्रयास में पाई सफलता, बनीं एआरटीओ
नगलापदी आवास पर सौम्या को बधाई देने वालों का लगा तांता, घर में खुशी का माहौल
आगरा। न्यू आगरा क्षेत्र के नगलापदी निवासी सौम्या कुलश्रेष्ठ का चयन यूपी पीसीएस में एआरटीओ के पद पर हुआ। सौम्या ने यह सफलता पहले प्रयास में हासिल की। उनकी सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है। उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
नगलापदी निवासी दाऊदयाल कुलश्रेष्ठ की पुत्री सौम्या कुलश्रेष्ठ ने यूपीपीसीएस में अपने पहले प्रयास में ही यह सफलता हासिल की है। सौम्या के पिता नारी संरक्षण गृह से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। माता आशा रानी गृहणी हैं। सौम्या ने ग्रेजुएशन दयालबाग यूनिवर्सिटी से किया। जबकि पोस्ट ग्रेजूएशन सेंट जाॅन्स डिग्री काॅलेज से किया। सौम्या ने बताया कि किसी भी सफलता के लिए प्रयास जरूरी है और घर पर रहकर भी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की जा सकती है। भाई मनीष कुलश्रेष्ठ ने बताया कि सौम्या का सपना शुरू से अधिकारी बनने का था और उसने पहली बार में यह सफलता हासिल की। भाभी रिचा कुलश्रेष्ठ ने बताया कि सौम्या की सफलता से पूरे घर में खुशी का माहौल है। सुबह से अडोसी-पडोसी, चिर-परिचित और रिश्तेदारों का बधाई देने का तांता लगा हुआ है।

