अमेरिका टेंपे और आगरा करेंगे शिक्षा, संस्कृति, व्यवसाय को साझा
होटल क्लार्क शिराज में आयोजित हुई आगरा-यूएसए सिस्टर सिटीज इंटरनेशनल मीट
महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा को अक्टूबर फेस्टिवल के लिए यूएसए के डेलीगेशन ने किया आमंत्रित
यूएसए के डेलीगेशन, प्रशासनिक अधिकारियों, व्यवसायियों और चिकित्सकों ने एक्सचेंज प्रोग्राम पर की चर्चा
आगरा। यूएसए का शहर टेंपे और आगरा एक-दूसरे के एक्सचेंज पार्टनर बनकर बेहतर शहरी विकास के लक्ष्यों को हासिल कर सकते हैं। हमारा मकसद अपने नैतिक मूल्यों को साथ लेकर आगरा को वैश्विक शहर बनाने का है, जहां हर नागरिक वल्र्ड क्लास जीवन जी सके। उक्त विचार महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने शुक्रवार को होटल क्लार्क शिराज में आगरा-यूएसए सिस्टर सिटीज इंटरनेशनल मीट में व्यक्त कीं। इस दौरान अर्बन गर्वनेंस, इंडस्ट्रियल ग्रोथ, सांस्कृतिक व शैक्षणिक गतिविधि आदान-प्रदान को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान शहर के प्रशासनिक अधिकारियों, व्यापारियों, चिकित्सकों और शिक्षाविदों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा, बरेली की महापौर और उप्र महापौर परिषद के अध्यक्ष उमेश गौतम, सिस्टर सिटीज कार्यक्रम के संयोजक डॉ. रोहित बंसल, कुलपति प्रो. आशु रानी और नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल के दीप प्रज्ज्वलन से सरस्वती वंदना से हुआ।यूएसए से आए डेलीगेशन का स्वागत सत्कार किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी आगरा अरविंद मल्लपा बंगारी ने कहाकि प्रशासनिक सेवाओं में सकारात्मक बदलाव आवश्यक है, इन्हें केवल पढ़ने से नहीं सीखा जा सकता है। इसके लिए आगरा व टेंपे के अधिकारियों को एक-दूसरे के शहर में जाकर देखना चाहिए, जिससे शहर के नागरिकों के हितों के लिए बेहतर कार्य किए जा सकें। नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहाकि आगरा में हमारे पास स्ट्रेंथ है। बेहतर तकनीकी पद्धति और मशीनरी के आदान-प्रदान से हम बेहतर शहरी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने में सफल होंगे। डॉ. रोहित बंसल ने कहाकि सिस्टर सिटीज कार्यक्रम का लक्ष्य वैश्विकरण के बढ़ते युग में लोकल उत्पादों, संस्कृति और व्यापार का आदान-प्रदान करना है। दुनियाभर के शहरों को सिस्टर सिटीज प्रोग्राम के तहत जोड़ा जा रहा है।
ज्वैलरी कारोबारी आनंद प्रकाश और विनय चंद्र सेठ ने कहाकि पश्चिमी देशों की साझेदारी से ज्वैलरी कारोबार को आगे बढ़ाया जा सकता है। प्रदीप वासन ने कहा कि सिस्टर सिटी एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत व्यापार को बढ़ाने में और सहायता मिलेगी। गुप्ता ओवरसीज के चेयरमैन गोपाल गुप्ता ने कहाकि आगरा से यूरोप सहित कई पश्चिमी देशों में जूते निर्यात होते हैं। भविष्य में टेंपे व एरिजोना के लोग भी यहां आकर अपनी तकनीकी के साथ कार्य करने के लिए योजना बना सकते हैं।
पद्मश्री डॉ. डीके हाजरा और कैंसर सर्जन डॉ. संदीप अग्रवाल ने कहाकि आगरा चिकित्सा का काफी बड़ा हब है। अमेरिका में सर्जरी काफी महंगी है और जांच कराने में सालों लगते हैं तब उपचार हो पाता है। जबकि आगरा आकर कम समय और कम पैसा खर्च करके उपचार कराया जा सकता है। दोनों शहर एक-दूसरे की जरूरत को समझते हुए आगरा को मेडिकल टूरिज्म के रूप में विकसित कर सकते हैं।
बरेली महापौर उमेश गौतम ने शैक्षणिक आदान-प्रदान बल दिया। डॉ. बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी ने कहाकि शिक्षा किसी भी शहर व देश को आगे ले जाने का सबसे बड़ा टूल है। इसलिए शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए एक्सचेंज प्रोग्राम के लिए टूर होना आवश्यक है। एरिजोना सिस्टर सिटीज के सचिव डॉ. माइकल कर्ड ने कहाकि वह आगरा और एरिजोना के एक्सचेंज प्रोग्राम के लिए कार्य करेंगे। आगरा के साथ जुड़ना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। हम भविष्य में विभिन्न मुद्दों पर एक्सचेंज प्रोग्राम के लिए तैयार हैं। टेंपे सिस्टर सिटीज की को-ऑर्डिनेटर व शिक्षाविद स्टेफनी स्मिथ ने कहाकि हम एक कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे जिसमें अमेरिकी बच्चे आगरा आकर रहेंगे और आगरा के बच्चे टेंपे में आकर रहेंगे। दोनों शहरों के प्रतिष्ठित परिवार के लोगों को उन बच्चों की जिम्मेदारी दी जाएगी, वह उनके लोकल गार्जियन की भूमिका निभाएंगे। बच्चों की सेफ्टी, सिक्योरिटी की जिम्मेदारी भी उन्हीं की होगी। इससे दोनों शहरों की संस्कृतियों का बेहतर आदान-प्रदान हो सकेगा। इस कार्यक्रम के को-ऑर्डिनेटर डॉ. रोहित बंसल होंगे।
एरिजोना की स्पेशल एजुकेशन डायरेक्टर ई. सुई डर्किन ने कहाकि अमेरिका में एरिजोना में अमेरिका सहित विश्व के विभिन्न देशों से विद्यार्थी आकर पढ़ते हैं। आगरा से भी विद्यार्थी वहां आएं और शिक्षा ग्रहण करें। आगरा के विद्यार्थियों के लिए स्कॉलरशिप प्रोग्राम भी संचालित करेंगे। इंटरनेशनल फाइनेंशियल इंवेस्टिगेटर एल. बुर्के फाइल्स ने कहाकि पैसे का सही उपयोग केवल इंवेस्टमेंट नहीं है, बल्कि सार्वजनिक व निजी हितों के लिए सही दिशा में पैसा खर्च करना काफी प्रोडक्टिव साबित हो सकता है। इसलिए दोनों शहरों के व्यापारी व्यापारिक हितों के साथ सार्वजनिक हितों के लिए भी सीएसआर फंड का उपयोग कर सकते हैं। डेलीगेशन में आई पोलेंड कीएडिटा विजोरेक ने कहाकि किसी भी तरह के एक्सचेंज आपको पोलैंड में करना हो तो हम सहयोग के लिए तैयार हैं।
इस मौके पर आशु मित्तल, श्याम सिंहला, एडिशनल कमिश्नर एसजीएसटी गुलाब चंद्र, विनोद बंसल, विनय चंद्र सेठ, सौरभ अग्रवाल, अश्विनी धवन, अमूल्य कक्कड़, डॉ. मुकेश चंद्रा, डॉ, संगीता चंद्रा, डॉ. अरविंद जैन, डॉ. पारुल अग्रवाल, डॉ. राजीव पचैरी, डॉ. शिवानी चतुर्वेदी, डॉ. रवि गोयल, डॉ. नमिता अग्रवाल, डॉ. दीपा पचैरी, डॉ. अतिशय अग्रवाल, डॉ. डीवी शर्मा, डॉ. रोहित अग्रवाल, प्रो. वीके शर्मा, प्रो. पवित्र, डॉ. नवीन गुप्ता सहित अन्य मौजूद रहे।

