हाथरस में तेज रफ्तार थार पेड से टकराई, एनएसजी कमांडो की मौत, तीन साथी घायल
पेड़ से टकराते ही थार गाडी के उड़ गए परखच्चे
हाथरस। यूपी के हाथरस में हुए सड़क हादसे में 32 वर्षीय एनएसजी कमांडो की मौत हो गई। हादसे में उसके 3 दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए आगरा में भर्ती कराया गया है। हादसा शुक्रवार सुबह उस समय हुआ जब वे अपने दोस्त के यहां होली खेलकर लौट रहे थे।
मथुरा के राया के गांव गुडेरा निवासी 32 वर्षीय योगेन्द्र सिंह एनएसजी में कमांडो थे। वह अपने साथी विष्णु, सत्यवीर और जितेन्द्र के साथ दोस्त के यहां होली खेलकर थार गाडी से लौट रहे थे कि सादाबाद क्षेत्र में गांव कजरौठी के समीप एक अज्ञात वाहन ने उनकी थार कार को ओवरटेक किया। इसके चलते थार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराई। हादसे में कमांडो योगेन्द्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके तीनों साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल विष्णु नेवी में कार्यरत हैं, जबकि सत्यवीर और जितेन्द्र गांव में रहते हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक शव को पोस्टमार्टम के लिए मथुरा भेजा। वहीं घायलों को उपचार के लिए आगरा में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद थार कार भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
बताया गया कि योगेन्द्र वर्ष 2010 में सेना में भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग पठानकोट में थी। योगेन्द्र 25 दिन पहले ही होली की छुट्टी पर घर आए थे। 31 मार्च को उनके सेना में पंद्रह साल पूरे होने थे। योगेन्द्र तीनों भाइयों में सबसे छोटे थे। कमांडो योगेन्द्र की पत्नी एकता और पांच साल का बेटा और चार साल की बेटी है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सन्नाटा पसर गया। योगेन्द्र के घर पर ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्रित होने लगी।


