एटाः कर्ज में डूबे किसान ने कनपटी में गोली मार की खुदकुशी, परिवार में मचा कोहराम

0
gifmagicsite-2026-03-01t181137356_1772368906

किसान पर 2 लाख का था कर्ज, बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

एटा। जिले के नया गांव थाना क्षेत्र में कर्ज में डूबे एक किसान ने तमंचे से कनपटी पर गोली मार खुदकुशी कर ली। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास को लोग किसान के घर पहुंचे। लहूलुहान हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना नयागांव थाना क्षेत्र के तमरौरा की है।

मिली जानकारी के अनुसार तमरौरा गांव निवासी 35 वर्षीय सोपवीर पुत्र शिव सिंह खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिजनों के मुताबिक उन्होंने दूसरे का खेत उगाई पर लिया था। उनके पास करीब 2 बीघा खुद की जमीन भी है। इस बार आलू की फसल में भारी नुकसान हुआ, जिससे वह आर्थिक रूप से बेहद परेशान थे। होली का पर्व नजदीक होने के कारण घर में तैयारियां चल रही थीं। पत्नी वीनू देवी ने बताया कि वह पकवान बना रही थीं और सास कमलेश कुमारी आंगन लीप रही थीं। इसी बीच सोपवीर खेत से लौटकर अपने कमरे में चले गए। कुछ ही देर बाद कमरे से गोली चलने की तेज आवाज आई।

गोली की आवाज सुनकर परिजन जब कमरे में पहुंचे तो सोपवीर खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़े थे। परिजन तत्ताकल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पत्नी वीनू देवी ने बताया कि उनके दो छोटे बच्चे हैं जिसमें शिवांशु (11) और मानवी (7) की है। पिता की मौत के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक के चचेरे भाई राजीव ने बताया कि सोपवीर परिवार में दो भाइयों में छोटे थे। बड़ा भाई संतोष अलग मकान में रहता है। सोपवीर ही अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले थे। उन पर करीब 2 लाख रुपए का कर्ज था, जिससे वह मानसिक दबाव में थे। ताऊ के लड़के घनश्याम ने बताया कि खेती में नुकसान और बढ़ती लागत के कारण वह काफी दिनों से परेशान चल रहे थे। इधर सूचना पर पहुंची नयागांव थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *