खामनेई की शहादत पर यूपी में उबाल, लखनऊ-संभल में प्रदर्शन, पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट जारी

0
fb455c70-e0fb-49d3-8dc5-68f5f6ad2fe2

नई दिल्ली। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की शहादत की खबर से उत्तर प्रदेश के शिया बाहुल्य इलाकों में गहरा आक्रोश है। इजराइल और अमेरिका के संयुक्त हमलों में खामेनेई की मृत्यु के बाद लखनऊ और संभल समेत कई जिलों में लोग सड़कों पर उतर आए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह उच्च स्तरीय बैठक कर पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया है।

राजधानी लखनऊ का ऐतिहासिक चैक इलाका रविवार को विरोध प्रदर्शनों का मुख्य केंद्र बन गया। यहां सुबह से ही शिया समुदाय के हजारों लोग जमा होने शुरू हो गए और इजराइली सैन्य कार्रवाई के खिलाफ अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। स्थानीय पुलिस ने चैक की ओर जाने वाले कई रास्तों को सुरक्षा के लिहाज से बंद कर दिया है और चप्पे-चप्पे पर पीएसी की तैनाती की गई है।

पुराने लखनऊ में शोक का माहौल ऐसा था कि हजारों की संख्या में लोगों ने छोटा इमामबाड़ा से लेकर बड़ा इमामबाड़ा तक एक विशाल पैदल मार्च निकाला। इस मार्च में न केवल पुरुष, बल्कि काले लिबास में महिलाएं और मासूम बच्चे भी शामिल हुए, जो अयातुल्ला खामेनेई की तस्वीर लेकर मातम मना रहे थे। इमामबाड़ों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य कर दिया गया है। विरोध मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों का गुस्सा सातवें आसमान पर था। पूरी भीड़ ने एक स्वर में अमेरिका मुर्दाबाद और इजराइल मुर्दाबाद के जोरदार नारे लगाए, जिससे पूरा इलाका गूंज उठा। प्रदर्शनकारियों ने इन हमलों को अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन और मानवता के खिलाफ अपराध बताया है।

संभल में पुलिस हाई अलर्ट

उप्र के संभल जिले में भी प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस अधीक्षक ने संभल के संवेदनशील इलाकों में हाई अलर्ट घोषित कर सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया है। पुलिस की कई टीमें सीसीटीवी फुटेज और ड्रोन के जरिए निगरानी कर रही हैं। साथ ही शांति समितियों के माध्यम से लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की जा रही है।

संभल का सिरसी बाजार पूरी तरह बंद

खामेनेई की मौत के विरोध में संभल के सिरसी कस्बे के व्यापारियों और स्थानीय निवासियों ने अपनी दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रखे हैं। सिरसी बाजार में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग छोटे-छोटे समूहों में एकत्रित होकर इस घटना पर चर्चा और दुख व्यक्त कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *