डिप्टी कमिश्नर जीएसटी के इस्तीफा वापस लेने पर भड़के अविमुक्तेश्वरानंद, बोले- थूककर चाटा
अयोध्या। शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने अयोध्या के डिप्टी कमिश्नर जीएसटी प्रशांत सिंह के इस्तीफा वापस लेने पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट के इस्तीफा के बाद जो त्यागपत्र दिलवाया गया था, वह वापस हो चुका है। आदमी थूक कर चाट चुका है। हमने तभी कहा था कि ये जो त्यागपत्र दिया गया है वो चार दिन में वापस होगा और वही हुआ।
पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह के बयान उन्होंने पलटवार करते हुए कहाकि मंत्री आका शब्द का इस्तेमाल कर रहे हैं। आका अरबी शब्द है। उन्हें पता नहीं कि शंकराचार्य सर्वोच्च पद है। उसके ऊपर कोई नहीं हो सकता है। तुम्हारे आका हो सकते हैं। तुम मंत्री हो, तुम्हारे आका मुख्यमंत्री हैं। मुख्यमंत्री के आका राज्यपाल और केंद्र में मंत्री हैं। तुम्हारी मुसलमानी भाषा बता रही है कि सब कुछ मुगलिया हो चुका है। गौरतलब है कि सीएम योगी पर विवादित टिप्पणी के बाद आहत होकर अयोध्या के जीएसटी डिप्टी कमिश्नर प्रशांत सिंह ने नौकरी से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने अपने बयान में कहा था कि यह कदम मैं किसी के दबाव में नहीं बल्कि अपनी मर्जी से ले रहा हूं।
प्रशांत सिंह के इस्तीफे के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल मच गई थी। प्रशांत सिंह के भाई ने फर्जी दिव्यांग सर्टिफिकेट के सहारे जीएसटी डिप्टी कमिश्नर के पद पर नौकरी हथियाने का आरोप लगया। फिलहाल प्रशांत कुमार सिंह ने माल और सेवा कर (जीएसटी) में अपनी नौकरी फिर से शुरू कर दी है। अब उन पर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने हमला बोला है।
