आगरा रेल मंडल में विकास कार्यों को मिलेगी और रफ्तार
बजट 2026-27 में आगरा रेल मंडल को मिलेंगे 1370 करोड
आगरा रेल मंडल में चल रहीं चार परियोजनाएं की जाएंगी पूरी
विकास, सुरक्षा, नेटवर्क विस्तार और यात्री सुविधाएं बढाई जाएंगी
आगरा। केन्द्रीय बजट 2026-27 में आगरा रेल मंडल के हिस्से में लगभग 1370 करोड रुपये आएंगे। इससे आगरा रेल मंडल में चल रहीं परियोजनाओं को गति मिलेगी। इस सम्बन्ध में मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल ने पत्रकारों को विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि आवंटित केन्द्रीय बजट से आगरा रेल मंडल का विकास कार्यों के साथ ही यात्री सुविधाएं बढाई जाएंगी।
केन्द्रीय बजट 2026-27 में आगरा मंडल में चल रहीं प्रमुख परियोजनाओं को गति देने पर विशेष ध्यान दिया गया है। वर्तमान में मंडल में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्रगति पर हैं। इस बजट से इन कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जा सकेगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल ने मंडल कार्यालय के गोवर्धन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्रीय बजट से संबंधित जानकारी साझा की।
मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि आगरा रेल मंडल में प्रगति पर चल रही आगरा- फोर्ट-बांदीकुई दोहरीकरण परियोजना, धौलपुर-सरमथुरा नैरो गेज से ब्राड गेज परिवर्तन कार्य, भांडई-कीठम तक तीसरी लाइन परियोजना और मथुरा जंक्शन यार्ड री माॅडलिंग परियोजनाओं को पूरा किया जाएगा। यह चारों परियोजनाएं इसी साल दिसम्बर में पूरा किए जाने का लक्ष्य है। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल ने बताया कि यह बजट आवंटन रेलवे के विकास, सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, नेटवर्क विस्तार और यात्री सुविधाओं को बढाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से आगरा मंडल में रेल संरचना सुदृढ़ होगी, यात्री सुविधाओं और माल व यात्री यातायात क्षमता में वृद्धि होगी।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक इंफ्रा प्रणव कुमार, मुख्य परियोजना प्रबंधक गति शक्तिएमपी सिंह, मुख्य परियोजना प्रबंधक निर्माण कमलेश कुमार, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक कुलदीप मीना, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक गार्गी उमराव, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर ओएंडएफ राजकुमार वर्मा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर समन्वय शैलेश कुमार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी राजमोहन, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर सामान्य आरके बघेला, मंडल परिचालन प्रबंधक सह जनसंपर्क अधिकारी प्रशस्ति श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।



