फेमस होकर चुनाव लड़ना चाहते हैं अंलकार अग्निहोत्री, बरेली सिटी मजिस्ट्रेट के इस्तीफे पर राजभर का तीखा हमला
PTI5_20_2019_000028B
लखनऊ। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओपी राजभर ने बरेली नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री के इस्तीफे पर तंज कसते हुए कहाकि वह नेता बनना चाहते हैं। उन्होंने कहाकि यूजीसी को लेकर किसी को कोई दिक्कत है तो वह अपना वकील लेकर सुप्रीम कोर्ट जाए। इस मामले से सरकार का कोई भी लेना देना नहीं है। राजभर ने कहाकि उनके मन में नेता बनने का सपना है। इसीलिए उन्होंने इस्तीफा दिया है।यूजीसी मुद्दे को लेकर वह फेमस होकर किसी पार्टी में शामिल होकर चुनाव लड़ना चाहते हैं।
गौरतलब है कि बरेली नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने सरकारी नीतियों विशेषकर यूजीसी के नए नियमों और शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़े मामले पर नाराजगी जताते हुए सोमवार को सेवा से इस्तीफा दे दिया। हालांकि सरकार ने अनुशासनहीनता के आरोप में अग्निहोत्री को निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं। दरअसल, प्रांतीय प्रशासनिक सेवा (पीसीएस) 2019 बैच के अधिकारी अग्निहोत्री ने राज्यपाल और बरेली के जिलाधिकारी अविनाश सिंह को ईमेल के जरिए अपना इस्तीफा भेजा। उनका कहना था कि यूजीसी के नए नियम जाति आधारित असंतोष को भड़का सकते हैं, जिससे राज्य में एक बड़ा राजनीतिक और प्रशासनिक विवाद खड़ा हो गया है। मंगलवार सुबह यहां अपने आधिकारिक आवास पर पत्रकारों से बात करते हुए अग्निहोत्री ने कहाकि उन्होंने पहले ही सेवा से इस्तीफा दे दिया है और इसलिए निलंबन आदेश पर उन्हें कुछ नहीं कहना है।
