पुण्यतिथि पर डॉ. आरएम मल्होत्रा को किया याद
गोल्डन एज संस्था ने पौधारोपण कर दी श्रद्धांजलि
सादा जीवन में विश्वास रखते थे डाॅ. आरएम मल्होत्रा
आगरा। उत्तर प्रदेश को पहला निजी अस्पताल देने वाले डॉ. आरएम मल्होत्रा की पहली पुण्यतिथि पर उन्हें याद किया गया। इस अवसर पर गोल्डन एज संस्था ने उनके पुत्र और उजाला सिग्नस रेनबो हॉस्पिटल के एमडी वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. नरेंद्र मल्होत्रा के सूरज विहार स्थित आवास पर एक गोष्ठी का आयोजन किया। इसमें पर्यावरण सुधार पर चर्चा की गई और पौधरोपण भी किया गया।
संस्था के सदस्य शशि शिरोमणि ने डॉ. आरएम मल्होत्रा को याद करते हुए बताया कि वे हमेशा कहते थे कि अंतर्मुखी मत रहो, सबसे बात करो। मन में बात छिपाकर न रखो। वे अपने विचार अक्सर शायरी के माध्यम से व्यक्त करते थे और सादगी पूर्ण जीवन में विश्वास रखते थे। उन्होंने बताया कि डॉ. मल्होत्रा का स्वभाव सरल और सुशील था। वे लोगों की समस्याओं को गहराई से समझते थे। जरूरतमंदों की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहते थे और सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते थे।
संस्था के सदस्य आरए कुमार लोकेश्वर ने कहाकि डॉ. मल्होत्रा के आदर्शों पर चलते हुए समाज की सच्चे मन से सेवा करने की जरूरत है। बताया कि आज से 21 वर्ष पूर्व सर्किट हाउस में सुबह की सैर के दौरान ही डॉ. आरएम मल्होत्रा के मन में वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए एक संस्था बनाने का विचार आया था, जिसके फलस्वरूप गोल्डन एज संस्था की स्थापना हुई। यह संस्था प्रतिमाह अलग-अलग स्थानों पर बैठकें आयोजित करती है। शशि तिवारी ने कविता सुनाई।
इस अवसर पर रेनबो आईवीएफ की एमडी बांझपन एक्सपर्ट डॉ. जयदीप मल्होत्रा, डॉ. केशव मल्होत्रा, डॉ. निहारका मल्होत्रा, डॉ. भारती, डॉ. हेमंत मल्होत्रा, नीलम गुलाटी, सुनील गुलाटी, पूर्णिमा शर्मा, डाॅ. बेला मोहन, रेणुका डंग, रेणुका घोघर, संस्था के सदस्य आरएस मित्तल, शांति स्वरूप गोयल, राजीव गुप्ता, हरिप्रसाद बंसल, प्रताप दयाल, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. केसी गुप्ता, ध्रुव बंसल और विष्णु शरण मेहरा आदि मौजूद रहे।
