बिहार चुनाव हार से बौखलाए हुए हैं अखिलेशः केशव मौर्य
आगरा आए डिप्टी सीएम ने सपा पर साधा निशाना, कहा, उनके सम्पर्क में हैं सपा के कई विधायक
कहा, भ्रष्टाचार का भस्मासुर बन गया था मनरेगा, अब दिखेगा असली काम, विपक्ष को राम नाम से आपत्ति
आगरा। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को आगरा आए। उन्होंने जहां जी राम जी की खूबियां गिनाईं। वहीं सपा को भी निशाने पर लेते हुए कहाकि जब से अखिलेश यादव बिहार में चुनाव हारकर लौटे हैं तब से बौखलाए हुए हैं। मौर्य ने कहाकि सपा के कई विधायक उनके संपर्क में हैं। वे भाजपा में शामिल होना चाहते हैं, लेकिन पार्टी उन्हें लेना नहीं चाहती है।
सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस में डिप्टी सीएम ने कहाकि अखिलेश यादव मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैंै कि 2027 में सरकार बनाने के सपने उनके पूरे नहीं होंगे। वे समाज को बांटकर राज करेंगे। उन्होंने जी राम जी अधिनियम की खूबियां गिनाते हुए कहाकि मनरेगा की मूल भावना ग्रामीण श्रमशक्ति और गांवों के विकास की थी, लेकिन समय के साथ यह योजना भ्रष्टाचार का भस्मासुर बन गई।
उप मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि मनरेगा में बड़े पैमाने पर फर्जी हाजिरी, कागजी काम और धन के दुरुपयोग की शिकायतें सामने आईं। इसे देखते हुए सरकार अब नई योजना लाकर जमीन पर वास्तविक काम सुनिश्चित करना चाहती है। नई योजना में कार्य शुरू करने से पहले छह महीने तक सख्त कानूनी और प्रशासनिक तैयारियां की जाएंगी। ताकि किसी भी तरह की अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई हो सके।
उन्होंने कहाकि तुष्टिकरण की राजनीति करने वालों को यह बदलाव करंट जैसा लग रहा है, क्योंकि नई योजना पारदर्शिता और जवाबदेही पर आधारित होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकसित भारत ग्राम रोजगार योजना में ग्रामीणों को 125 दिन के रोजगार की गारंटी दी जाएगी, जबकि मनरेगा में यह सीमा 100 दिन थी। योजना के तहत कागजों पर नहीं, बल्कि जमीन पर काम दिखाई देगा। मौर्या ने कहाकि महात्मा गांधी का हम सभी सम्मान करते हैं, लेकिन कांग्रेस, सपा, टीएमसी, डीएमके और आरजेडी जैसी पार्टियों को राम नाम से आपत्ति है। इसका कारण वही लोग बेहतर बता सकते हैं। जी राम जी के नाम की स्पेलिंग के क्रम में राम शब्द आ गया है, इसी वजह से विपक्ष मनरेगा के इस नए अधिनियम का विरोध कर रहा है। इससे पहले आगरा परेड ग्राउंड पर डिप्टी सीएम को गार्ड आफ आनर दिया गया।
उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य के फतेहाबाद में जनचैपाल को संबोधन के दौरान अचानक बिजली गुल हो गई। डिप्टी सीएम करीब 15 मिनट तक मंच पर खड़े रहे। जनरेटर शुरू होने के बाद उन्होंने अपना संबोधन शुरू किया। उन्होंने कहाकि बिजली विभाग ने गड़बड़ कर दी। उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथः मौर्या
केशव प्रसाद मौर्य ने कहाकि झूठ फैलाकर सपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव में कुछ सीटें जरूर हासिल कर ली थीं। उस भ्रम को हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली और बिहार की जनता ने नकार दिया। देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है। देश भाजपा के साथ था और आज भी साथ है।
पीडीए की फुल फॉर्म बताई
डिप्टी सीएम ने पीडए का मतलब परिवार डवलपमेंट एजेंसी बताते हुए कहाकि अब इसकी हवा निकल चुकी है। सपा पीडीए को लेकर बिहार चुनाव में गई थी, लेकिन वहां उनका कोई प्रत्याशी तक नहीं था। अखिलेश वहां बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना की तर्ज पहुंच गए। उन्होंने कहाकि अखिलेश यादव का कोई ठिकाना नहीं है, वे आज कुछ बोलते हैं और कल कुछ और। अखिलेश यादव का काम गुंडों और माफियाओं को बढ़ावा देना रहा है और यही उनका एकमात्र एजेंडा है।
टीएमसी बौखलाई गई है
पश्चिम बंगाल में जांच एजेंसियों के विरोध को लेकर पूछे गए सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहाकि पश्चिम बंगाल में टीएमसी जा रही है और भाजपा आ रही है। इसी वजह से टीएमसी बौखलाई और घबराई हुई है। अगर कोई जांच एजेंसी जांच के लिए जाती है तो किसी मुख्यमंत्री को उसमें हस्तक्षेप करना शोभा नहीं देता। ममता बनर्जी ने जांच में हस्तक्षेप कर यह साबित कर दिया है कि वे भ्रष्टाचार को संरक्षण दे रही हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ हो रही कार्रवाई को रोकने का प्रयास किया जा रहा है।


