रमेश कुमार जुनेजा ने संभाला काउंसिल फॉर लेदर एक्सपोर्ट्स चेयरमैन का पदभार
नई दिल्ली। काउंसिल फॉर लेदर एक्सपोर्ट्स के उपाध्यक्ष रमेश कुमार जुनेजा ने मंगलवार को चेन्नई में आयोजित सीएलई की 184वीं कमेटी ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन की बैठक में चेयरमैन का पदभार ग्रहण किया। सीएलई वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रायोजित एक निर्यात संवर्धन परिषद है।
रमेश कुमार जुनेजा एक दूरदर्शी उद्यमी और कुशल व्यवसायिक रणनीतिकार हैं। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में सफल कंपनियों की स्थापना कर उत्कृष्ट नेतृत्व का परिचय दिया। गहरी समझ और उत्कृष्टता के प्रति निरंतर समर्पण के साथ उन्होंने अपने प्रत्येक उपक्रम में नवाचार और विकास को प्रोत्साहित किया है। उनके द्वारा प्रवर्तित कंपनियां अनेक क्षेत्रों में कार्यरत हैं। इनमें लेदर (जेसी ग्रुप), लेदर एक्सेसरीज, केमिकल्स (इंडोटन केमिकल्स) और रियल एस्टेट (जुनेजा इंफ्रास्ट्रक्चर) प्रमुख हैं।
जुनेजा का लेदर उद्योग से जुड़ाव चार दशकों से अधिक का है। जेसी ग्रुप के संस्थापक के रूप में उन्होंने 1980 के दशक में रिटेलर्स के साथ साझेदारी कर उन्हें फिनिश्ड लेदर के नामांकित टैनर के रूप में आपूर्ति कर उद्योग में क्रांतिकारी बदलाव लाया। उनके नेतृत्व में कंपनी ने तीव्र प्रगति की और फिनिश्ड लेदर निर्माण के क्षेत्र में एक अग्रणी नाम बनी। समय के साथ समूह ने फॉरवर्ड इंटीग्रेशन करते हुए विश्वभर के रिटेलर्स के लिए उत्पाद, एक्सेसरीज और जूते निर्माण की दिशा में विस्तार किया।
जुनेजा पिछले 15 वर्षों से अधिक समय से सीएलई के बोर्ड सदस्य हैं और वर्ष 2014 से ईस्टर्न रीजन के चेयरमैन के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। वे अप्रैल 2024 से सीएलई के उपाध्यक्ष भी रहे हैं। उन्होंने अपने विशेष कौशल और अनुभव के माध्यम से संगठन और उद्योग को दिशा दी, जिसके परिणामस्वरूप लेदर गुड्स और सेफ्टी वियर के निर्यात में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल हुईं।
इसके अतिरिक्त जुनेजा इंडो-इटैलियन चैंबर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष भी हैं और रेलवे, इंफ्रास्ट्रक्चर, फूड और लेदर जैसे क्षेत्रों में भारत-इटली सहयोग के तहत महत्वपूर्ण निवेश सुनिश्चित करने में उनकी अहम भूमिका रही है। वे कलकत्ता लेदर कॉम्प्लेक्स टैनर्स एसोसिएशन के संस्थापक समिति सदस्य रहे हैं और एक दशक से अधिक समय तक इसके अध्यक्ष भी रहे। उनके नेतृत्व में राज्य सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर टैनरी मालिकों को सशक्त बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य हुआ। उनके प्रयासों से पश्चिम बंगाल सरकार ने कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट और अन्य बुनियादी ढांचों के उन्नयन के लिए 800 करोड़ का निवेश किया। सीएलई को विश्वास है कि रमेश कुमार जुनेजा के नेतृत्व में भारतीय लेदर उद्योग को नई ऊँचाइयाँ प्राप्त होंगी और निर्यात के क्षेत्र में और अधिक मजबूती आएगी।
