कोहराः डेढ से छह घंटे की देरी से चल रहीं आगरा से गुजरने वाली ट्रेनें
आगरा। आम दिनों में दिनों में सुपर फास्ट ट्रेनों में दिल्ली से आगरा का सफर तय करने में अधिकतम तीन घंटे लगते हैं, लेकिन मौसम के असर ने इन दिनों सफर का समय बढा दिया है। ऐसे में मौसम की मार झेलने वाली रेलवे और उसके मुसाफिरों के लिए सबसे ज्यादा परेशानी का वक्त ठंड का ही साबित होता है।
कोहरे से निपटने के लिए रेलवे के तमाम उपायों के बावजूद ट्रेनों की लेटलतीफी में सुधार होता नहीं दिख रहा है। रविवार को आगरा रेल मंडल से होकर गुजरने वाली लगभग डेढ दर्जन ट्रेनें डेढ से लेकर करीब 6 घंटे की देरी से चल रही हैं। इनमें दक्खिन सुपर फास्ट एक्सप्रेस डेढ घंटे की देरी से चल रही है। वहीं मालवा एक्सप्रेस 4 घंटा 52 मिनट की देरी से चल रही है। जबलपुर-निजामुद्दीन एक्सप्रेस 4 घंटा 25 मिनट और गोडवाना 3 घंटा 56 मिनट की देरी से चल रही हैं। इसके अलावा आंध्रा एक्सप्रेस 2 घंटा 2 मिनट, गीता जयंती 3 घंटे, तेलंगाना 1 घंटा 41 मिनट, पटना-कोटा एक्सप्रेस 3 घंटा 36 मिनट, रानी कमलापति-निजा मुद्दीन एक्सप्रेस 3 घंटा 11 मिनट, राजधानी एक्सप्रेस 2 घंटा 32 मिनट, पंजाब मेल 1 घंटा 24 मिनट, कर्नाटक एक्सप्रेस 3 घंटा 19 मिनट, अवध एक्सप्रेस 5 घंटा 56 मिनट, मरुधर 1 घंटा 7 मिनट और बनारस ओखा एक्सप्रेस 2 घंटे 42 मिनट की देरी से चल रही है।
