लुढका पारा, आगरा में दिनभर कांपे लोग
बादलों की ओट में रहे सूर्य नारायण, नहीं हुए दर्शन, शाम को दिखाई झलक
आम जनजीवन रहा प्रभावित, जगह-जगह अलाव जलाकर तापते दिखे लोग
आगरा। पहाड़ी इलाकों के विक्षोभ ने मैदानी इलाकों में कड़ाके की शीत लहर पैदा कर दी है। रविवार को सुबह से ही सूरज देवता बादलों की ओट में समाए रहे। ढलती शाम से पहले सूर्य नारायण झलक दिखलाकर चले गए। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान और कम होगा और ठंड ज्यादा महसूस होगी।
रविवार को भी सुबह से ही ताजनगरी शीतलहर की चपेट में रही। ठंड ने लोगों की दिनचर्या बिगाड़ दी है। साल के चैथे दिन हाड़ कंपाने वाली सर्दी के चलते रविवार की छुट्टी का दिन लोगों ने घर पर ही बिताया। सुबह लोग अलसाए हुए देर से उठे। लोग इधर-उधर अलाव की तलाश में रहे। सड़कों के किनारे लोग कूड़ा-करकट जलाकर सर्दी के अहसास को कम करने की जुगत करते दिखाई दिए। सर्दी के चलते बाजारों में भी सन्नाटा रहा। दुकानदार हीटर और अंगीठियों में तापते रहे। रविवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक रात का तापमान और गिरेगा।
