देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन पहुंची दिल्ली, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया निरीक्षण

0
fb6a082f-7108-4df4-9687-6c432dba633a

रेल मंत्री ने ट्रेन की हाईटेक तकनीक के बारे में ली जानकारी

यात्रियों के सफर को और भी बेहतर बनाने में एक बड़ा कदम

नई दिल्ली। देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन पटरियों पर दौड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह लग्जरी ट्रेन शनिवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंची। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्रेन का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने लोको पायलट से ट्रेन की हाईटेक तकनीक के बारे में जानकारी ली। उम्मीद है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस माह के दूसरे पखवाडे में ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह ट्रेन यात्रियों के सफर को और भी बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी।

इस ट्रेन में बैठने और सोने की व्यवस्था, आधुनिक इंटीरियर, सुरक्षा सुविधाएं और यात्री सुविधा प्रणालियां शामिल हैं। ट्रेन में यात्री सुरक्षा और उपलब्ध सुविधाओं पर खास जोर दिया गया है। इस ट्रेन में स्वचालित दरवाजे, कवच सुरक्षा प्रणाली, आधुनिक अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, कीटाणुनाशक तकनीक और सभी डिब्बों में सीसीटीवी निगरानी जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। स्वच्छता बढ़ाने और पानी के छींटे रोकने के लिए शौचालयों को खास तौर पर नई डिजाइनों के साथ तैयार किया गया है, जो यात्रियों के आराम और स्वच्छता पर भारतीय रेलवे के विशेष ध्यान को दर्शाता है।

पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन असम के गुवाहाटी और पश्चिम बंगाल के हावड़ा के बीच चलेगी, जो देश में लंबी दूरी की रात्रिकालीन रेल यात्रा में एक क्रांतिकारी कदम होगा। ट्रेन के परीक्षण, जांच और प्रमाणीकरण की पूरी प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनवरी में इस मार्ग पर पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।

केंद्रीय रेल मंत्री ने इस दौरान रेल अधिकारियों से बातचीत की और ट्रेन के तकनीकी पहलुओं की समीक्षा कर इस निष्कर्ष पर पहुंचे कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन पूरी तरह से तैयार है। ट्रेन में 16 कोच हैं, जिनमें 11 एसी थ्री-टियर कोच, चार एसी टू-टियर कोच और एक एसी फर्स्ट क्लास कोच शामिल हैं। इस ट्रेन में करीब 823 यात्री सफर कर सकते हैं। उन्नत सस्पेंशन सिस्टम, एर्गोनॉमिक इंटीरियर और उच्च स्वच्छता मानकों के साथ इस ट्रेन को उत्कृष्ट यात्रा और आरामदायक बनाने के लिए डिजाइन किया गया है।

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में यात्रा करने वाले मुसाफिरों को यात्रा के दौरान क्षेत्र विशेष व्यंजनों का आनंद मिलेगा। गुवाहाटी से शुरू होने वाली ट्रेन में प्रामाणिक असमिया व्यंजन परोसे जाएंगे, जबकि कोलकाता से शुरू होने वाली ट्रेन में पारंपरिक बंगाली व्यंजन उपलब्ध होंगे, जिससे ट्रेन में एक आनंददायक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध भोजन का अनुभव होगा। 180 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार पर चलने वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन कम समय लेने के साथ ही आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराती है, जिससे साफ होता है कि भारतीय रेलवे यात्री-केंद्रित सेवाओं और तकनीकी नवाचार पर फोकस कर लगातार आगे बढ़ रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *