बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर केकेआर से बाहर, बीसीसीआई के निर्देश के बाद शाहरुख की टीम ने निकाला
बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों के कारण था विरोध
नई दिल्ली। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर कर दिया है। बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रही हिंसा के बीच उन्हें टीम से हटाने की मांग उठ रही थी। इसके बाद बीसीसीआई ने शाहरुख खान की आईपीएल टीम केकेआर को मुस्तफिजुर रहमान को हटाने का निर्देश दिया था, जिसके बाद यह फैसला लिया गया।
केकेआर ने ट्वीट किया कि बीसीसीआई के निर्देश के बाद सभी जरूरी प्रक्रियाओं और आपसी परामर्श के बाद मुस्तफिजुर को टीम से बाहर कर दिया गया है। आईपीएल नियमों के अनुसार केकेआर ने बीसीसीआई को एक रिप्लेसमेंट खिलाड़ी लेने की अनुमति दी है।
इससे पहले बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने शनिवार सुबह कहाकि हाल के दिनों में जो घटनाक्रम सामने आए हैं, उन्हें देखते हुए बोर्ड ने केकेआर को मुस्तफिजुर को रिलीज करने का निर्देश दिया है। अगर फ्रेंचाइजी किसी रिप्लेसमेंट खिलाड़ी की मांग करती है, तो उसे इसकी अनुमति दी जाएगी।
बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ हो रही हिंसा के बीच रहमान के आईपीएल में खेलने का विरोध हो रहा है। वहां पिछले 14 दिन में 4 हिंदुओं की हत्या की जा चुकी है। आईपीएल 2026 की शुरुआत 26 मार्च से होगी। जबकि लीग का फाइनल मैच 31 मई को खेला जाएगा। केकेआर ने एक्स पर यह बयान जारी किया है।
