रेलवे ने बढ़ाया टिकट का किराया, 26 दिसंबर से लागू होंगी नई रेट
215 किलोमीटर तक के सफर पर नहीं होगी कोई बढोत्तरी
नई दिल्ली। रेलवे ने ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के किराए में बदलाव करने का फैसला लिया है। जिसकी वजह से जनरल, मेल, एक्सप्रेस और एसी श्रेणियों के टिकट महंगे होने के आसार हैं। ऐसे में यात्रियों की जेब पर इसका असर पड़ेगा। रेलवे की तरफ से कहा गया है कि किराया में बढ़ी हुई दरों को 26 दिसंबर से लागू किया जाएगा। हालांकि लोकल ट्रेनों के अलावा मासिक सीजन टिकट (एमएसटी) के किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह इस साल रेल किराए की दूसरी बढोत्तरी है। इससे पहले 1 जुलाई को भी किराया बढ़ाया गया था। उस समय मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के किराये में 1 पैसा प्रति किलोमीटर और एसी ट्रेनों में 2 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की गई थी।
रेलवे का कहना है कि पिछले 10 सालों में नेटवर्क और ट्रेनों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा सुरक्षा और बेहतर संचालन के लिए भी रेलकर्मियों की संख्या को बढ़ाया गया है। जिनका वेतन और भत्ते का खर्च भी बढ़ा है। रेलवे का यह भी कहना है कि मैनपावर पर खर्च बढ़कर 1.15 लाख करोड़ रुपए हो गया है। इसके साथ-साथ रेलकर्मियों के पेंशन पर सालाना खर्च 60,000 करोड़ रुपए है। वहीं 2024-25 में रेलवे का कुल ऑपरेशन खर्च 2.63 लाख करोड़ रुपए रहा है। इन सभी स्थितियों को देखते हुए रेलवे ने खर्च को संतुलित करने के लिए माल ढुलाई बढ़ाने के साथ-साथ यात्री किराए में सीमित बढ़ोतरी की है।
रेलवे के अनुसार, साधारण श्रेणी में 215 किलोमीटर तक की यात्रा करने वाले यात्रियों से कोई अतिरिक्त किराया नहीं लिया जाएगा। इससे रोजाना यात्रा करने वाले और कम दूरी के यात्रियों पर आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा। रेलवे का कहना है कि यह फैसला आम यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर लिया गया है।
रेलवे के अनुसार 215 किलोमीटर से अधिक दूरी की यात्रा पर किराया बढ़ाया जाएगा। साधारण श्रेणी में 1 पैसा प्रति किलोमीटर, जबकि मेल-एक्सप्रेस और एसी श्रेणियों में 2 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की गई है। उदाहरण के तौर पर, करीब 1000 किलोमीटर की यात्रा पर जन साधारण एक्सप्रेस (नॉन-एसी) से सफर करने पर यात्रियों को लगभग 10 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। वहीं, राजधानी, वंदे भारत या अन्य प्रीमियम ट्रेनों में यही यात्रा करीब 20 रुपये महंगी होगी।
इन ट्रेनों पर लागू होगा नया किराया
रेल मंत्रालय के मुताबिक यह किराया बढोत्तरी राजधानी, शताब्दी, दुरंतो, वंदे भारत, तेजस, हमसफर, अमृत भारत, महामना, गतिमान, अंत्योदय, जन शताब्दी, युवा एक्सप्रेस, एसी विस्टाडोम, अनुभूति कोच और साधारण गैर-उपनगरीय सेवाओं सहित सभी प्रीमियर और विशेष ट्रेनों पर लागू होगा।
रेलवे को मिलेगी 600 करोड़ की अतिरिक्त आय
रेलवे का अनुमान है कि इस किराया समायोजन से उसे करीब 600 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय होगी। इस राशि का उपयोग परिचालन लागत को संभालने और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने में किया जाएगा, जिसमें स्टेशन सुविधाएं, कोचों का रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था शामिल हैं। रेलवे का कहना है कि पिछले दस वर्षों में नेटवर्क और सेवाओं का तेजी से विस्तार हुआ है, जिसे बनाए रखने के लिए यह कदम जरूरी है।
किस कैटगरी में कितना किराया बढ़ा ?
रेलवे का कहना है कि 215 किलोमीटर से ज्यादा सफर तय करने पर साधारण श्रेणी में 1 पैसा प्रति किमी की बढ़ोतरी होगी।
मेल-एक्सप्रेस में नॉन-एसी श्रेणी में 2 पैसा प्रति किमी किराया बढ़ाया जाएगा।
एसी क्लास में 2 पैसा प्रति किमी की बढ़ोतरी की गई है।
500 किमी की नॉन-एसी यात्रा पर केवल 10 रुपए ज्यादा देने होंगे।
