छावनी की समस्याओं को लेकर केशो मेहरा के नेतृत्व में रक्षामंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल
छावनी क्षेत्र की चाट गली, शाॅपिंग आर्केड, अवैध रूप से रह रहे विदेशियों का मामला उठाया
आगरा। छावनी क्षेत्र की समस्याओं को लेकर पूर्व विधायक केशो मेहरा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को आगरा छावनी क्षेत्र की चाट गली और अवैध रूप से रह रहे विदेशियों का मामला उठाया।
केशो मेहरा ने रक्षामंत्री को बताया कि चाट गली, सदर बाजार, आगरा वर्षों से प्रसिद्ध है। यहां शहर ही नहीं बल्कि देश-विदेश से लोग चाट खाने आते हैं। छावनी बोर्ड के कर्मचारियों ने कुछ समय पूर्व चाट गली में सौन्दर्यीकरण के नाम पर चाट वालों के काउण्टर यह कहते हुए हटवा दिए कि तीन-चार दिन बाद लगा लेना, लेकिन चालीस दिन से अधिक समय के बाद भी दुकानदारों को काउण्टर नहीं लगाने दिए जा रहे हैं।
केशो मेहरा ने कहाकि आजीविका कमाना मौलिक अधिकार है। चाट गली के दुकानदारों को काउण्टर न लगाने देने से उनके परिवार भुखमरी के कगार पर आ गए हैं। पूर्व विधायक ने रक्षामंत्री से छावनी बोर्ड के अधिकारियों को तत्काल काउण्टर लगाने के निर्देश देने का आग्रह किया। वहीं आगरा छावनी के विधायक डाॅ. जीएस धर्मेश ने सीईओ, छावनी परिषद, आगरा दीपक मोहन से कहाकि दुकानदारों को पुनः काउण्टर लगाने दिए जाएं।
इसके अलावा सदर बाजार स्थित सेल्फ फाइनेन्स स्कीम के तहत शॉपिंग आर्केड की दुकानों के सम्बन्ध में ध्यान आकर्षित करते हुए केशो मेहरा ने कहाकि आपके निर्देश के कारण इन दुकानों की ई-नीलामी रुक गई है। इस सम्बन्ध में आपसे अनुरोध है कि छावनी परिषद के अधिनियम और नियमावली में आवश्यक संशोधन कर इस समस्या को स्थायी रूप से हल किया जाए। प्रत्येक तीस वर्ष बाद इन दुकानों की लीज का स्वतः नवीनीकरण लीज राशि में निर्धारित प्रतिशत की वृद्धि करके कर दिया जाए।
केशो मेहरा ने छावनी परिषद के वार्ड संख्या 2 शहजादी मण्डी की मतदाता सूची में बंगला नम्बर 45 और 46 में अवैध रूप से रह रहे विदेशी मतदाताओं की जांच करा कर नाम हटवाने के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश देने की मांग भी रक्षामंत्री से की है। इसके अलावा जीएलआर सर्वे में वर्षों से म्युटेशन न होने से छावनी परिषद क्षेत्र में जिन्होंने संपत्ति खरीदी है, उनमें बेचैनी है। जबकि इस अधिनियम और नियमावली में निर्धारित अवधि में म्युटेशन किए जाने का प्रावधान है, लेकिन इनका पालन नहीं हो रहा है। उन्होंने इस भी रक्षामंत्री का ध्यान आकर्षित किया। प्रतिनिधिमंडल में केशो मेहरा, छावनी परिषद के मनोनीत सदस्य राजेश गोयल, सजल बंसल, यदुराज गोयल, अनमोल गोयल आदि मौजूद रहे।

