जंगलराज याद रहेगा तो अखिलेश की सरकार नहीं बनेगीः जयवीर

0
2025_12image_19_33_30436101158-ll

प्रदेश के पर्यटन मंत्री ने जहां सपा पर हमला बोला, वहीं राहुल गांधी को बताया झूठों का सरदार

बलिया। उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन और संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शुक्रवार को राज्य के मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहाकि राज्य की जनता को जब तक जंगलराज याद रहेगा, उनकी सरकार बनने वाली नहीं है। सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को झूठों का सरदार करार देते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी अलग-थलग पड़ गए हैं।

पर्यटन और संस्कृति मंत्री सिंह ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर राष्ट्रीय स्कूली कुश्ती खेल प्रतियोगिता का समापन करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में सपा अध्यक्ष यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहाकि उत्तर प्रदेश की जनता अखिलेश यादव की सरकार के जंगलराज, गुंडई, अपराध, लूट, बलात्कार, महिलाओं के अपमान को भूलेगी नहीं। निश्चित रूप से जब तक जंगलराज याद रहेगा, तब तक अखिलेश यादव की सरकार बनने वाली नहीं है।

उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहाकि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का विरोध करने वाले घुसपैठियों के बल पर राज्य में या देश में चुनाव जीतना चाहते हैं। पर्यटन मंत्री सिंह ने कहाकि एसआईआर मतदाता सूची का शुद्धिकरण है और इसका वहीं लोग विरोध कर रहे हैं, जो घुसपैठियों के बल पर प्रदेश में या देश में चुनाव जीतना चाहते हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को झूठों का सरदार करार देते हुए दावा किया कि राहुल गांधी अलग-थलग पड़ गए हैं। पर्यटन मंत्री ने कहाकि राहुल गांधी के साथ कोई भी नहीं है। जनता भी नहीं है। कोई दल भी नहीं है। वह अलग-थलग पड़ गए हैं। झूठों के सरदार हैं। सत्यहीन, बेबुनियाद बात करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *