पंकज चैधरी का उप्र भाजपा अध्यक्ष बनना तय
सात बार के सांसद के पंकज चैधरी ने दाखिल किया नामांकन
सीएम योगी रहे प्रस्तावक, पंकज का निर्विरोध चुना जाना तय
लखनऊ। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चैधरी यूपी भाजपा के नए अध्यक्ष होंगे। उन्होंने शनिवार को लखनऊ में भाजपा कार्यालय में नामांकन दाखिल किया। चैधरी के अलावा किसी और ने नामांकन नहीं किया है। ऐसे में पीएम मोदी-अमित शाह के करीबी चैधरी का निर्विरोध अध्यक्ष चुना जाना तय है। हालांकि औपचारिक घोषणा कल की जाएगी।
उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के लिए केंद्रीय मंत्री पंकज चैधरी ने अपना नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर सीएम योगी, डिप्टी सीएम केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक, मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चैधरी, बीएल संतोष के साथ केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, जो यूपी भाजपा अध्यक्ष चुनाव के पर्यवेक्षक हैं, राष्ट्रीय चुनाव प्रभारी और राज्यसभा सांसद के. लक्ष्मण, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े और पूर्व केंद्रीय मंत्री व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय भी मौजूद रहे। पंकज चैधरी के अलावा किसी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के लिए नामांकन दाखिल नहीं किया। ऐसे में उनका चुना जाना तय है।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान कुर्मी समाज में दिखी नाराजगी को भाजपा गंभीरता से ले रही है। सूत्रों के अनुसार भाजपा की पुरानी परंपरा को देखते हुए केवल एक ही नामांकन दाखिल कराया गया है। पार्टी का मकसद रविवार को औपचारिक घोषणा तक सस्पेंस बनाए रखना हो सकता है। नए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की घोषणा रविवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के अंबेडकर सभागार में दोपहर दो बजे होने वाले कार्यक्रम में की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, लखनऊ पहुंचने के बाद बीएल संतोष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चैधरी के साथ बंद कमरे में बैठकें कीं। इन बैठकों में उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व के फैसले से अवगत कराते हुए 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर एक जुट होकर काम करने का संदेश दिया।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक रविवार को प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा से जुड़े कार्यक्रम की जिम्मेदारी उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल उर्फ राजा बाबू को सौंपी गई।
