आगरा में अवैध खनन बना जानलेवाः मिट्टी से लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली ने छात्र को रौंदा, मौके पर मौत, दो साथी घायल

0
tarakatara-ka-capata-ma-aana-sa-bika-savara-ka-mata_136d9a4e7f2c479c20a7f22c0f552cd9

हाइवे पर झरना नाले के समीप सुबह-सुबह हुआ हादसा

घटना के बाद चालक ट्रैक्टर ट्राली छोडकर हुआ फरार

आगरा। एत्मादपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह अवैध खनन कर मिट्टी ले जा रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक छात्र की जान ले ली। झरना नाले के पास हुए इस हादसे में 22 वर्षीय सौरभ की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।

घटना सुबह करीब साढ़े नौ बजे की है। बरहन क्षेत्र के मोहल्ला टंकी निवासी सौरभ अपने साथियों रुद्र प्रताप और तरुण के साथ बाइक से यूनिवर्सिटी कैंपस परीक्षा देने जा रहा था। इसी दौरान एनएच-19 पर झरना नाले के समीप पीछे से आ रही मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवारों को अपनी चपेट में लेकर बुरी तरह रौंद दिया। हादसे में ट्रैक्टर का पहिया सौरभ के ऊपर से गुजर गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल तरुण ने फोन कर परिजनों को सूचना दी। सौरभ की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के बाद चालक मौके पर ट्रैक्टर ट्राली छोडकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची इलाका पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रभारी निरीक्षक एत्मादपुर ने बताया कि पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। चालक की तलाश की जा रही है। गौरतलब है कि एत्मादपुर क्षेत्र में खनन माफियाओं का बोलबाला है। अवैध रूप से मिट्टी खनन के ट्रैक्टर ट्राली के चलते आए दिन हादसों में लोगों की जान जा रही है, लेकिन इलाका पुलिस इस पर अंकुश नहीं लगा पा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *