ईवीएम को एक दिन हटाना ही पडेगाः अखिलेश
अखिलेश यादव बोले, मुझे पूरे बिहार चुनाव में कहीं नहीं लगा कि महागठंधन हार जाएगा
नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहाकि यूपी, बिहार नहीं है। हम यूपी में पूरी तरह से तैयार हैं। हाल में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल नीत महागठबंधन की हार पर उन्होंने कहाकि मैंने खुद बिहार में प्रचार किया, लेकिन मुझे कहीं नहीं लगा कि महागठबंधन हार रहा है। मुझे लगा कि तेजस्वी सीएम बनेंगे। उन्होंने कहाकि ऐसा लगा ही नहीं था कि तेजस्वी हार जाएंगे।
अखिलेश ने कहाकि ईवीएम में भी गड़बड़ी कई जगह सामने आई। एक दिन ईवी एम को हटाना ही पड़ेगा। सपा चीफ ने दावा किया कि चुनाव के दौरान जो 10 हजार रुपये दिए गए उसका भी असर रहा। अखिलेश ने कहाकि अब बिहार सरकार 10 हजार रुपये नहीं दे रही है।
केदारेश्वर मंदिर पर भी बोले अखिलेश
अखिलेश यादव ने प्रशांत किशोर का जिक्र करते हुए कहाकि उनकी पार्टी भी हार गई। जब वह जमीन पर गए होंगे तो उन्हें पता चला होगा कि भाजपा कैसे नैरेटिव बनाती है। गानों पर नैरेटिव बना देती है। कोई एआई से गाना बना दे तो उसका भी नैरेटिव बना देती है।
अखिलेश ने कहाकि यूपी का चुनाव बिहार से बहुत अलग होता है। हम राज्य में चुनाव के लिए अभी से तैयार हैं। सपा नेता ने कहाकि हमारी पार्टी पूरी सावधानी से काम कर रही है। हमारी पार्टी और उसके नेता बीजेपी के बनाए नैरेटिव में नहीं फसेंगे। एक चैनल को दिए साक्षात्कार में सपा चीफ ने राम मंदिर में जाने के सवाल पर फिर कहा कि जब ईश्वर चाहेंगे तब वह जाएंगे। उन्होंने इटावा में निर्माणाधीन केदारेश्वर मंदिर के संदर्भ में कहाकि अगले श्रावण मास तक निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।
