एसआईआर पर चुप रहने वाले निर्दोष बीएलओ की मृत्यु के कसूरवारः खरगे

0
kharge

कहा, बीएलओ की मौत के आंकडे वास्तविकता से बहुत अधिक

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने हालातों को बताया बेहद खतरनाक

नयी दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहाकि काम के दबाव में बीएलओ की मौत के जो आंकड़े दिखाये जा रहे हैं वास्तविक संख्या उनसे बहुत अधिक है। यह अत्यंत गंभीर चिंता का विषय है और इस पर सबको ध्यान देना जरूरी है।

खरगे ने रविवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में भाजपा सरकार के मतदाता सूची गहन विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया (एसआईआर) को इसके लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कहाकि भाजपा की वोट चोरी बीएलओ के लिए जानलेवा रूप ले चुकी है।

उन्होंने कहाकि काम के भार से बीएलओ और पोलिंग अधिकारी लगातार आत्महत्या करने पर मजबूर हैं। मेरी हर एक परिवार जिसने अपनों को खोया है, उनके प्रति गहन संवेदनाएं। मौत के जो आंकड़े दिखाये जा रहे हैं वास्तविक संख्या उनसे कहीं अधिक है। यह बेहद चिंताजनक है। इन परिवारों को न्याय कौन दिलाएगा।

खरगे ने चुनाव आयोग पर हमला करते हुए कहाकि भाजपा चोरी की सत्ता की मलाई खाने में व्यस्त है और आयोग मूक दर्शक बने तमाशा देख रहा है। हड़बड़ी में बिना योजना के जबरन एसआईआर लागू करना नोटबंदी, कोरोना और लॉकडाउन की याद दिलाता है। सत्ता का दुरुपयोग कर संस्थानों के कर्मचारियों से आत्महत्या करवाना, संविधान की धज्जियां उड़ाना और लोकतंत्र को दुर्बल बनाना भाजपा की सत्ता की भूख का नतीजा है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा अब बस! अगर अभी भी हम नहीं जागे तो लोकतंत्र के आखरी स्तंभों को गिरने से कोई नहीं बचा सकता। जो लोग एसआईआर और वोट चोरी पर चुप हैं वो इन निर्दोष बीएलओ की मृत्यु के कसूरवार है। आवाज उठाइए, लोकतंत्र बचाइए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *