अखिलेश बोले, बिहार में हार का जिम्मेदार एनडीए नहीं कोई और?
सपा प्रमुख ने कहा, बिहार में जो खेल एसआईआर ने किया वोयूपी में नहीं होने देंगे
लखनऊ। बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन को करारी हार को लेकर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने अब चुनाव आयोग और स्पेशल इंटेंसिव रिविजन यानी एसआईआर पर हार का ठीकरा फोड़ा है। सपा नेता ने कहा कि बिहार में जो खेल एसआईआर ने किया वो अब यूपी में नहीं होने दिया जाएगा।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहाकि अलग-अलग राज्यों में जिस तरह से एसआईआर के नाम पर चुनावी साजिश की जा रही हैं उसे उत्तर प्रदेश में करने से रोका जाएगा। इसके लिए वो अब पीडीए प्रहरी बनाएंगे जो इस पूरी प्रक्रिया पर नजर रखेंगे। सपा नेता ने भारतीय जनता पार्टी को राजनीतिक दल नहीं बल्कि भाजपा छल बताया।
अखिलेश ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट कर लिखा- बिहार में जो खेल एसआईआर ने किया है वो प. बंगाल, तमिलनाडू, यूपी और बाकी जगह पर अब नहीं हो पायेगा, क्योंकि इस चुनावी साजिश का अब भंडाफोड़ हो चुका है। अब आगे हम ये खेल, इनको नहीं खेलने देंगे। सीसीटीवी की तरह हमारा पीपीटीवी मतलब पीडीए प्रहरी चैकन्ना रहकर भाजपाई मंसूबों को नाकाम करेगा। भाजपा दल नहीं छल है।
