एनसीईआरटी की प्रमाणिक किताबें ही खरीदें
सीबीएसई ने नकली पाठ्यपुस्तकों को लेकर स्कूलों को जारी की एडवाइजरी
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने स्कूलों को नकली एनसीई आरटी पुस्तकों को लेकर कड़ी चेतावनी जारी की है। बोर्ड ने साफ कहाकि स्कूल केवल उन्हीं पाठ्यपुस्तकों की खरीद करें जो प्रामाणिक और अधिकृत स्रोतों से उपलब्ध हों। हाल ही में सामने आई कई शिकायतों और पुलिस कार्रवाई के बाद सीबीएसई ने यह एडवाइजरी जारी की है ताकि अभिभावक और छात्र फर्जी तथा घटिया किताबों के जाल में न फंसें।
सीबीएसई के अनुसार बाजार में अनधिकृत विक्रेताओं द्वारा रियायती कीमतों पर नकली एनसीईआरटी किताबें बेचे जाने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। इन पुस्तकों की गुणवत्ता बेहद खराब होती है। इनमें कई बार मुद्रण की त्रुटियां, गलत विषय वस्तु और अधूरी सामग्री पाई जाती है, जो छात्रों की पढ़ाई पर नकारात्मक प्रभाव डालती है।
बोर्ड ने सभी संबद्ध स्कूलों के प्रमुखों से कहा है कि अभिभावकों और छात्रों को नकली पुस्तकों की पहचान और खतरे के बारे में जागरूक करें। यदि स्कूल स्वयं किताबें खरीदते हैं, तो वे केवल सीबीएसई और एनसीईआरटी के अधिसूचित अधिकृत माध्यमों से ही खरीदें। शिक्षकों और अभिभावकों के बीच यह जानकारी प्रसारित की जाए कि अनाधिकृत दुकानों से किताबें न लें।
