दिल्लीः हम यहां मर रहे हैं, सरकार आंकड़े छुपा रही, प्रदूषण को लेकर सड़क पर उतरे लोग
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में प्रदूषण खतरनाक स्थिति में पहुंच चुका है। हालात ऐसे हैं कि अब लोगों को प्रदूषण को लेकर सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। रविवार को कुछ लोगों ने इंडिया गेट पर विरोध-प्रदर्शन किया। साथ ही सरकार से राजधानी क्षेत्र में वायु प्रदूषण को रोकने के लिए नीतियां बनाने की मांग की। इस दौरान कई प्रदर्शनकारियों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया। हिरासत में लिए गए लोगों में जेएनयूएसयू अध्यक्ष, संयुक्त सचिव और आइसा डीयू अध्यक्ष और सचिव सहित कई छात्राएं शामिल हैं।
इंडिया गेट पर एक प्रदर्शनकारी ने कहाकि दिल्ली में एक्यूआई चरम पर है। हमें यहां से निकाला जा रहा है और शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शन करने की इजाजत नहीं दी जा रही है। आम लोग मर रहे हैं। फिर भी सरकार कोई नीति नहीं बना रही है और आंकड़े छिपा रही है। उन्होंने कहाकि वे (सरकार) डेटा सेंटरों पर पानी छिड़क रहे हैं। यहा तक कि क्लाउड सीडिंग भी काम नहीं आई। यह कोई समाधान नहीं है। हम एक स्थायी समाधान चाहते हैं।
